उदयपुर के भुवाणा में बहुमंजिला भवन को सीज करने पहुंची यूडीए की टीम
उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) ने आज राजस्व ग्राम भुवाणा में दो बहुमंजिला भवन को नियम विपरीत निर्माण करने पर सीज किया। यूडीए ने इससे पहले निर्माणकर्ताओं को पूर्व में नोटिस जारी किए लेकिन पालना नहीं करने पर आज यह कार्रवाई की।
यूडीए कमिश्नर राहुल जैन ने बताया कि आराजी संख्या 1965, 1975, 1976 आदि में भुवाणा मुख्य रोड पर महिला समृद्धि बैंक के पास दो बहुमंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा था। उक्त निर्माण मुख्य सड़क पर होकर बिना सेटबैक छोड़कर किया जा रहा था। इसके विरुद्ध प्राधिकरण ने अधिनियम-2023 की धारा 32 के तहत कार्रवाई कर नोटिस जारी किया गया एवं इनको निर्माण नहीं करने के लिए पाबन्द भी किया था।
यूडीए तहसीलदार डा. अभिनव शर्मा ने बताया कि इसके बाद भी निर्माण कार्य किया जा रहा था जिस पर निर्माण के विरुद्ध प्राधिकरण द्वारा आदेश पारित किया गया। शर्मा ने बताया कि मुख्य सड़क पर इस प्रकार के बिना स्वीकृति, बिना सेटबैक के निर्माण होने से पार्किंग आदि की समस्या उत्पन्न होने के साथ ही लोगों को असुविधा भी होती है।

यूडीए निर्माण को सीज करने की कार्रवाई को अंजाम देते हुए
उन्होंने बताया कि मौके पर लगातार निर्माण रुकवाने के उपरान्त भी नहीं मानने पर आज दोनों बहुमंजिला भवन के निर्माण को रुकवाते हुए भवन को सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान भू-अभिलेख निरीक्षक राजेन्द्र सेन, बाबूलाल तेली, पटवारी सुरपाल सिंह सोलंकी आदि मौजूद थे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments