![]()
विद्याधर नगर में शनिवार को लघु उद्योग भारती जयपुर की ओर से आयोजित ‘स्वयं सिद्धा राखी तीज मेला 2025’ का शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस मेले में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शिरकत की और महिला उद्यमियों की ओर से लगाए गए स्टॉल्स का अवलोकन किया।
उन्होंने मेले में आए शिल्पकारों, लघु उद्योगों और महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ राज्य की सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान को भी मजबूत करते हैं।
झालावाड़ हादसे को बताया बेहद दुखद
कार्यक्रम की शुरुआत में उपमुख्यमंत्री ने झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में स्कूल की जर्जर दीवार गिरने से हुई बच्चों की मौत पर शोक जताया। उन्होंने बताया- हादसा बेहद दर्दनाक है। मुख्यमंत्री स्थिति की मॉनीटरिंग कर रहे हैं और मैं भी प्रशासन से लगातार संपर्क में हूं। दोषियों पर जल्द कार्रवाई होगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को आसपास कोई जर्जर स्कूल या भवन नजर आता है, तो वे तुरंत प्रशासन या सीधे उन्हें जानकारी दें। सरकार पहले से ही ऐसे भवनों की जांच करवा रही है।
‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा
मेले में मौजूद स्टॉल्स पर जाकर उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न उत्पादों की जानकारी ली और महिला उद्यमियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि लघु उद्योगों के माध्यम से प्रदेश की कला, परंपरा और मेहनत की असली तस्वीर सामने आती है। राज्य सरकार इस तरह के प्रयासों को हरसंभव सहयोग दे रही है। यह मेला महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा है।
26 से 28 जुलाई तक चलेगा मेला
‘स्वयं सिद्धा राखी तीज मेला 2025’ का आयोजन 26 से 28 जुलाई तक हर दिन सुबह 10 बजे से शाम 8 बजे तक किया जाएगा। मेले में जयपुर के अलावा अन्य जिलों के शिल्पकार, महिला समूह और छोटे उद्योगों ने भी भाग लिया है। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी और युवा महिलाएं मेला देखने पहुंच रही हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments