![]()
संगरिया पुलिस ने लूट की झूठी कहानी बनाकर कंपनी के 18 हजार हड़पने के आरोपी को गिरफ्तार किया।
हनुमानगढ़ के संगरिया क्षेत्र में एक युवक ने लूट की झूठी वारदात रचकर कंपनी के रुपए हड़प लिए। घटना 8 अगस्त की रात की है, जब संगरिया थाना पुलिस को सूचना मिली कि भगतपुरा पुल से 36 हैड रोड पर गोशाला के पास एक युवक बेहोश हालत में पड़ा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जनेश तंवर के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां अरड़की निवासी कुलदीप सिंह (23) मिला। कुलदीप ने बताया कि वह साईटन क्रेडिट केयर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उसने दावा किया कि लोहगढ़ से 30 हजार रुपए की कलेक्शन करके लौटते समय 2 बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसे घेरकर मारपीट की।
उसने कहा कि आरोपियों ने चाकू से हाथ में चोट पहुंचाई और 22 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। मामला संगीन लगा, लेकिन पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच की, तो मामला संदिग्ध नजर आया।
पुलिस ने कुलदीप से कड़ाई से पूछताछ की और उसके मोबाइल फोन की जांच की। जांच में पता चला कि कुलदीप ने कंपनी के 18 हजार रुपए अपने साले अजय कुमार को ढाबों गांव स्थित एक ई-मित्र सेंटर से ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए थे।
पूछताछ में सामने आया कि कुलदीप ने अपने ऊपर झूठी लूट और मारपीट की कहानी गढ़ी। उसका मकसद कंपनी के रुपए हड़पना था, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उसकी साजिश बेनकाब हो गई।
पुलिस ने कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। झूठी सूचना देकर पुलिस का समय बर्बाद करने और आमजन में भ्रम फैलाने के आरोप में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में हैड कॉन्स्टेबल प्रताप सिंह, कॉन्स्टेबल सुखजोत सिंह, ज्याला सिंह और ड्राइवर दीनदयाल शामिल थे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments