![]()
धौलपुर के सैंपऊ उपखंड क्षेत्र के गांव दौनारी में राजकीय बालिका स्कूल की छत गिरी।
धौलपुर के सैंपऊ उपखंड क्षेत्र के गांव दौनारी में राजकीय बालिका स्कूल की छत शनिवार को ढह गई। स्कूल की छुट्टी होने के बाद यह हादसा हुआ, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार स्कूल की इमारत काफी पुरानी हो चुकी है। आसपास नई इमारत भी बन चुकी है। स्कूल के बीच प्रांगण में स्थित पुरानी इमारत जर्जर होने की वजह से आए दिन पत्थरों के टुकड़े गिरते रहते थे।
शनिवार को बारिश के कारण पुराने भवन की छत ढह गई। छत का मलबा इमारत के अंदर ही गिरा है। स्कूल की छुट्टी होने के बाद यह हादसा हुआ, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि जर्जर भवन में बच्चों को नहीं बैठाया जाता है, लेकिन भवन बीच प्रांगण में बना होने की वजह से कभी भी गिर सकता है। स्कूल में बच्चे पढ़ाई करने के साथ खेलते भी रहते हैं। अगर बच्चों की मौजूदगी में हादसा हुआ तो बड़ा नुकसान हो सकता है।
स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए जर्जर इमारत के चारों तरफ रस्सी बांध दी है, लेकिन यह व्यवस्था हादसा रोकने के लिए पर्याप्त नहीं है। इमारत गिरने पर काफी दूरी तक के क्षेत्र को प्रभावित कर सकती है।
झालावाड़ जिले के एक सरकारी स्कूल में हुए हादसे के बाद भी शिक्षा विभाग सबक नहीं ले रहा है। सरकार द्वारा जर्जर और खस्ताहाल स्कूलों की रिपोर्ट मांगी गई है, लेकिन जर्जर इमारतें अभी भी स्कूलों में मौजूद हैं।
दौनारी के सरकारी स्कूल में हुई घटना के बाद बच्चों और अभिभावकों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि पुरानी इमारत पूरी तरह से जर्जर होने के बावजूद भी शिक्षा विभाग ने इस इमारत को नहीं हटाया है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments