दोनो पक्ष में समझौता होने पर शव ले जाते परिजन।
ईसरदा बांध परियोजना निर्माण कार्य के दौरान बुधवार को क्रेशर मशीन में आने से हुई मौत के बाद मुआवजा आदि मांगों को लेकर चल रहा धरना, प्रदर्शन करीब 23 घंटे बाद दोनों पक्ष में समझौता होने पर गुरुवार को खत्म हो गया है।
मामले में सहमति बनी
परिजनों और प्रशासन के बीच मांगों को लेकर आज सहमति बनने के बाद शव को क्रेशर मशीन से नीचे उतार लिया है। समझौते के तहत मृतक के परिजनों को कंपनी की और से 15 लाख रुपए का चैक, 5 लाख रुपए का अन्य चैक, दुर्घटना बीमा कंपनी द्वारा दी जाने वाली बीमा राशि, चिरंजीवी योजना का लाभ देने और मृतक के एक आश्रित को कंपनी में नौकरी दी जाएगी।
क्रेशर मशीन की चपेट में आया था
बुधवार को ईसरदा बांध निर्माण कार्य के दौरान बुधवार करीब ढाई बजे क्रेशर मशीन की चपेट में आ जाने से डींग की झोपड़ियां थाना चौथ का बरवाड़ा जिला सवाई माधोपुर निवासी राम विलास केवट (35) पुत्र गिर्राज केवट की मौत हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीण और परिजन मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने एवं सरकारी नौकरी दिलाने की मांग को लेकर ईसरदा प्रशासक पुखराज गुर्जर के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन कर रहे थे।
बाद में उनियारा एसडीएम शत्रुघ्न सिंह गुर्जर तहसीलदार प्रवीण सैनी एवं ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई, लेकिन देर रात तक समझौता नहीं हुआ था। ऐसे में परिजनों और ग्रामीणों ने रात भर मृतक का शव क्रेशर मशीन के पास से नहीं उठाया। ग्रामीण भी रात भर घटनास्थल पर डटे रहे । रात भर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा।

गुरुवार को समझौता होने पर क्रेशर मशीन से श्रमिक का शव उतारते लोग।
23 घंटे बाद बनी सहमति
गुरुवार सुबह उनियारा उपखंड अधिकारी शत्रुघ्न सिंह गुर्जर तहसीलदार प्रवीण सैनी नायक तहसीलदार पूजा मीणा अधिशासी अभियंता बांध परियोजना विकास गर्ग , ईश्वरदा प्रशासक पुखराज गुर्जर, परिजन रामधन केवट के बीच कई घंटे तक वार्ता हुई।
करीब 23 घंटे बाद धरना प्रदर्शन कर रहे परिजनों तथा प्रशासन के बीच मांगों को लेकर सहमति बनी। उसके बाद मृतक रामविलास केवट का शव क्रेशर मशीन से नीचे उतर गया और उनियारा सीएससी में ले गए। जहां पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवा कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments