शादी से इनकार करने पर महिला की चाकू घोंपकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने चाय की होटल से बर्तन धोते पकड़ा है। आरोपी 10 महीने से फरार था, कभी मजदूरी करता तो कभी नाम बदल कर राजस्थान-हरियाणा के होटलों में फरारी काटने लगा था।
तत्कालीन एसपी ने आरोपी पर 10 हजार का इनाम रखा था। लेकिन, शातिर पकड़ में नहीं आया तो वर्तमान एसपी ने इनामी राशि बढ़ा कर वांटेड घोषित किया। इसके बाद साइबर सेल की मदद से आरोपी पकड़ा गया।
मामला झुंझुनूं के मंडा रीको इलाके का बुधवार का है। पुलिस ने हत्या के आरोप में जयवीर पुत्र रेवतराम (उम्र 39 वर्ष), निवासी तोगड़ा स्वरूप सिंह को वीरू टी स्टॉल से बर्तन धोते गिरफ्तार किया है।
फाइनेंस कंपनी में काम करती थी महिला
मामला अक्टूबर 2024 का है। झुंझुनूं शहर की रीको कॉलोनी में पूनम (36) का शव मिला था। उसके सिर पर वार कर पेट में चाकू मारे गए थे। पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि महिला खुद को विधवा पेंशनधारी बताती थी और फाइनेंस फर्म में जॉब करना बताती थी।

तस्वीर, जयवीर की है जिसे पुलिस ने चाय की होटल से पकड़ा।
शादी से इनकार किया तो हत्या कर दी
जयवीर के महिला से सम्बन्ध थे। पड़ताल में सामने आया कि पूनम ने उससे 50 हजार रुपए उधार लिए थे। साथ ही, शादी करने का वादा भी किया था। जब जयवीर ने शादी की बात पर जोर दिया तो युवती ने साफ इनकार कर दिया। ऐसे में पार्टी के दौरान जयवीर ने पूनम की हत्या कर दी। इसके बाद से वह फरार चल रहा था।

अक्टूबर 2024 में जयवीर ने पूनम की हत्या कर दी थी।
परिचित से 10 हजार लेकर फरार हुआ
पुलिस ने बताया- हत्या के बाद जयवीर झुंझुनूं रेलवे स्टेशन पहुंचा और जयपुर जाने वाली ट्रेन में बैठकर फरार हो गया। फरारी के दौरान उसने एक परिचित से 10 हजार रुपए उधार लिए। इसके बाद उसने लगातार अपनी लोकेशन और पहचान बदलनी शुरू कर दी।
कभी वह हरियाणा के रेवाड़ी और गुड़गांव में कंपनियों में क्रेन चलाता, तो कभी जयपुर, सीकर और रिंगस में मजदूरी करता। पहचान छिपाने के लिए वह अलग-अलग नामों से काम करता रहा। यहां तक कि किसी रिश्तेदार या जानकार से भी संपर्क नहीं रखा।

साइबर सेल के कॉन्स्टेबल जितेन्द्र थाकन ने इस केस में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाई
पुलिस ने हत्या के बाद लगातार आरोपी की तलाश की। झुंझुनूं, सीकर, जयपुर से लेकर हरियाणा के कई जिलों में छापेमारी हुई। लेकिन आरोपी हर बार हाथ से निकल जाता। महीनों तक पुलिस को नाकामी हाथ लगी। इसी दौरान एसपी शरद चौधरी ने आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया। बाद में वर्तमान एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने इनाम राशि बढ़ाकर और 10 हजार रुपए जोड़ दिए। इस तरह आरोपी पर कुल 20 हजार रुपए का इनाम हो गया।
इस गिरफ्तारी में एसपी ऑफिस की साइबर सेल में तैनात जितेंद्र थाकन की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही। जितेंद्र ने आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकानों को तकनीकी माध्यम से ट्रेस किया।
पति से अलग रहती थी
जांच में पता चला कि महिला की शादी करीब पांच साल पहले राजगढ़ (चूरू) में हुई थी। कुछ समय बाद पति से अलग हो गई। बाद में झुंझुनूं में अपने परिवार के साथ रहती थी, लेकिन शराब की आदत और अन्य विवादों के चलते घरवालों ने भी उसे निकाल दिया। इसके बाद वह अकेली ही रहने लगी थी। भाई ने पुलिस को बताया कि बहन शराब की आदी थी और घर पर बहुत कम आती थी। परिवार को यह भी पता नहीं था कि वह झुंझुनूं में किराए पर रह रही है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments