परिजनों ने शव लेने से किया इनकार धरना दूसरे दिन भी जारी
झुंझुनूं में एक आरएसी (RAC) कॉन्स्टेबल द्वारा अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला करने और फिर आत्महत्या करने का मामला गरमा गया है। मृतक के परिजन, जिन्होंने शव लेने से इनकार कर दिया है, लगातार दूसरे दिन भी बीडीके अस्पताल में धरने पर बैठे हैं। वे मांग कर रहे है

बीडीके अस्पताल में शवगृह के बाहर धरने पर बैठे परिजन, आरोपी की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार।
परिजनों का धरना और उनकी मांग
राजकुमार की मौत के बाद से उनके परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया है। चूंकि बगड़ अस्पताल में शव को रखने की सुविधा नहीं थी, इसलिए प्रशासन ने शव को बीडीके अस्पताल में भेज दिया। मंगलवार को भी परिजन, ग्रामीण और सामाजिक संगठनों के लोग बीडीके अस्पताल के मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे रहे।
परिजनों का कहना है कि जब तक राजकुमार के वीडियो में बताए गए आरोपी विक्रम चौधरी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। मृतक के भतीजे अजय ने चिड़ावा थाने में लिखित शिकायत भी दी है, जिसमें उन्होंने कहा है कि उनके चाचा को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया।

राजकुमार कांटीवाल का वायरल हुआ 2.19 मिनट का वीडियो, जिसमें पत्नी और विक्रम चौधरी पर लगाए गंभीर आरोप।
भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष विकास आल्हा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी धरने में हिस्सा लिया और प्रशासन पर दबाव बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब समाज चुप नहीं बैठेगा।
धरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है और कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी, लेकिन परिजन आरोपी की गिरफ्तारी पर अड़े हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

किसान कॉलोनी स्थित फ्लैट, जहां तलवार से पत्नी और बेटे पर किया गया हमला, पुलिस ने की जांच।
क्या है पूरा मामला
झुंझुनू के इंडाली गांव के रहने वाले आरएसी कॉन्स्टेबल राजकुमार कांटीवाल ने सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे अपनी पत्नी और बच्चे पर हमला कर दिया था।
राजकुमार झुंझुनू की किसान कॉलोनी स्थित अपने फ्लैट में अपनी पत्नी कविता और छह साल के बेटे चार्विक के साथ रहते थे।इस हमले में कविता गंभीर रूप से घायल हो गईं और फिलहाल उनका जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि बेटे को मामूली चोटें आईं और वह झुंझुनू में भर्ती है। कविता पंचायत समिति में ग्राम सेवक हैं।

रेलवे ट्रैक के पास मिला राजकुमार का शव, वीडियो बनाने के बाद ट्रेन से कटकर दी जान।
हमला करने के बाद राजकुमार फरार हो गए और करीब 8 बजे उनका शव चिड़ावा अनाज मंडी के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस का मानना है कि उन्होंने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या से पहले वीडियो में लगाए आरोप
राजकुमार की मौत से पहले, एक 2 मिनट 19 सेकंड का वीडियो सामने आया, जिसे उन्होंने अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर लगाया था। इस वीडियो में उन्होंने अपनी आत्महत्या के लिए अपनी पत्नी कविता और भिवानी निवासी विक्रम चौधरी को जिम्मेदार ठहराया।
राजकुमार ने वीडियो में आरोप लगाया कि उनकी पत्नी का पिछले एक साल से विक्रम चौधरी के साथ संबंध चल रहा था। उन्होंने कहा कि कविता उन पर तलाक के लिए दबाव बना रही थी और धमकी दी थी कि अगर उन्होंने तलाक नहीं दिया तो शाम तक उनकी हत्या करवा देगी। राजकुमार ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पत्नी के गर्भ में विक्रम का बच्चा पल रहा है। उन्होंने कहा कि इन सब परेशानियों से वह मानसिक रूप से टूट गए हैं और अब जीना नहीं चाहते।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments