☜ Click Here to Star Rating



भारी बारिश के बीच जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने मंगलवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

बारां में लगातार तीन दिन से हो रही भारी बारिश के बीच जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने मंगलवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने अटरू, कवाई, छीपाबड़ौद और छबड़ा क्षेत्र में स्कूलों के भवनों और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया।

.

कलेक्टर बारिश में भीगते हुए प्रभावित इलाकों में पहुंचे और आमजन की समस्याएं सुनीं। जिले में लगातार बारिश के कारण पार्वती, परवन, कालीसिंध, अंधेरी, रेणुका और भैंसासुर नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं। कलेक्टर ने अटरू के गायत्री नगर, अर्डान्द, खेड़ली स्कूल और कवाई की बस्तियों का निरीक्षण किया। इसके अलावा मवासा स्कूल, खजुरिया डेम, उतावली डेम, दीगोद खालसा, आखाखेड़ी स्कूल और ल्हासी डेम का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जर्जर स्कूल भवनों का उपयोग बंद करने के निर्देश दिए। खतरे की स्थिति में इन्हें जमींदोज करने और बच्चों को इनसे दूर रखने के आदेश भी दिए। साथ ही स्कूल भवनों के आसपास अतिक्रमणों को सख्ती से हटाने के निर्देश दिए। छीपाबड़ौद के खजुरिया बंजारा बस्ती में ग्रामीणों ने घरों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को हटाने की मांग रखी। कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए ऊर्जा विभाग को इस संवेदनशील मामले का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। अटरू के वार्ड 13 में बड़ौदा बैंक के पीछे की गली में जलभराव की शिकायत पर कलेक्टर स्वयं बारिश में भीगते हुए मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति देखकर एसडीएम ओमप्रकाश चंदेलिया को समस्या का समाधान कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से स्थिति पर नजर रख रहा है।

कलेक्टर ने दीगोद के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल का निरीक्षण कर वहां आपदा की स्थिति में आवासीय व्यवस्था की उपलब्धता को देखा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनमानस की सुरक्षा और राहत सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन इसका पूर्ण निर्वहन करेगा। ल्हासी डेम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह से उनके साथ है। बारिश, बाढ़ और जलभराव की किसी भी स्थिति में जिला प्रशासन हर संभव मदद करेगा।

छीपाबड़ौद और अंता क्षेत्र की संवेदनशील बस्तियों के प्रभावित परिवारों को शेल्टर होम में सुरक्षित स्थानांतरित किया गया है, जहां राशन, भोजन और बिस्तरों की समुचित व्यवस्था की गई है। बरनी नदी की पुलिया टूटने से भंवरगढ़ और नाहरगढ़ का आपसी संपर्क टूट गया है। किशनगंज क्षेत्र में बहाव के कारण मिट्टी कटाव से बिजली के खंभे गिर गए, जिससे कई गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इसको लेकर निर्देशित भी किया। उनके साथ दौरे में उपखंड अधिकारी, सहायक जनसंपर्क अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी और संबंधित क्षेत्रीय प्रशासनिक दल मौजूद रहे।

पीईईओ और प्रिंसिपल को नोटिस कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान पछाड़ क्षेत्र के गुलखेड़ी में उच्च प्राथमिक स्कूल भवन के क्षतिग्रस्त कक्ष को सील नहीं कर सिर्फ ताला लगाकर खानापूर्ति करने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय प्रिंसिपल हेमराज और आपसी संवाद के अभाव में प्रिंसिपल की गैर मौजूदगी रहने पर पीईईओ नरेश मंगल को 17 सीसीए के तहत नोटिस देने के निर्देश दिए।



Discover more from Kuchaman City Directory

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Comments

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Sign In

Register

Reset Password

Please enter your username or email address, you will receive a link to create a new password via email.

Discover more from Kuchaman City Directory

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading