![]()
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज योजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सहित समस्त विकास अधिकारी, पंचायत राज एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वामित्व योजना, पीएम आदर्श ग्राम योजना, सांसद व विधायक कोष से स्वीकृत कार्यों, पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना, मनरेगा तथा अन्य विकास योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में प्राथमिकता देने, पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, सफाई कर्मियों की सूचना ग्राम पंचायत में प्रदर्शित करने, सामुदायिक शौचालय और आंगनबाड़ियों में शौचालय निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों को जियो टैग कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मनरेगा योजना में श्रमिकों के नियोजन को बढ़ाने, खेल मैदान व ओपन जिम निर्माण, 5 हजार से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों में फॉगिंग मशीन उपलब्ध कराने तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। जिले में हुई अतिवृष्टि के बाद जल निकासी बाधित न हो इसके लिए पोखरों, जलमार्ग की सफाई, नालियों की नियमित सफाई और जलभराव की समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाए। साथ ही एसडीआरएफ के तहत पंचायत भवन, आंगनवाड़ी, स्कूल, मरम्मत कार्यों के स्वीकृत प्रस्तावों के शीघ्र टेण्डर प्रक्रिया पूर्ण कर बारिश समाप्त होते ही तत्काल मरम्मत व रंग रोगन कार्य प्रारंभ कर दीपावली पूर्व पूर्ण करवाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों को 15 दिवस के भीतर दुरस्त करवाने, स्वामित्व योजना के लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, स्वामित्व योजना, आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया गया। जिले की राज्य स्तरीय रैंकिंग में सुधार के लिए आपसी समन्वय व टीम भावना से कार्य करने का आह्वान किया गया। जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई पात्र परिवार योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने समर्पित भाव से कार्य कर जिले को विकास कार्यों में मॉडल के रूप में स्थापित करने की बात कही।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments