![]()
झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने जिले के पुलिस अधिकारियों से कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा की।
झालावाड़ जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट मीटिंग सभागार में एसपी अमित कुमार ने जिले के पुलिस अधिकारियों की अपराध गोष्ठी ली। इस बैठक में सभी एडिशनल एसपी, डिप्टी एसपी, थानाधिकारी, संचित निरीक्षक और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
गोष्ठी में जिले के आपराधिक आंकड़ों की समीक्षा की गई। साथ ही कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारों के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। एसपी ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर पूर्ण नियंत्रण करने और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को परिवादियों के साथ बेहतर व्यवहार करने और पुलिसिंग को सुदृढ़ बनाने के लिए कहा गया। आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट में अधिकाधिक कार्यवाही करने पर जोर दिया गया। एसपी ने सूचना तंत्र मजबूत रखने और अवैध शराब पर पाबंदी लगाने के निर्देश भी दिए।
नाबालिग की गुमशुदगी के मामलों में पहले 48 घंटों में साइबर तकनीक से दस्तयाबी के प्रयास करने को कहा गया। एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों, चालान और एफआईआर का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बरामदगी प्रतिशत बढ़ाने और सड़क दुर्घटना वाले ब्लैक स्पॉट की सूची तैयार करने को कहा गया।
जिन अपराधियों के खिलाफ 6 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं, उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए गए। हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ शिकायत मिलने पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने और 68एफ के प्रावधानों के तहत संपत्ति जब्त करने को कहा गया।
एसपी ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली घटनाओं की तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए। साथ ही थानों और पुलिस लाइन के मैस में पुलिस जवानों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और थानों की साफ-सफाई दुरुस्त रखने के लिए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments