बैठक की जानकारी देते आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय समन्वय बैठक 5 से 7 सितंबर तक जोधपुर में होगी। इसमें 5 विषयों पर चर्चा की जाएगी। संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत की मौजूदगी में होने वाली बैठक में 32 संगठनों के 320 कार्यकर्ता शामिल होंगे।
संघ की बैठक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले हो रही है। इसलिए इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा- बीजेपी अपना नेतृत्व बनाने के लिए खुद सक्षम है। यहां इस पर कोई बातचीत नहीं होगी।
सुनील आंबेकर ने बताया- लालसागर में शुक्रवार सुबह 9 बजे से बैठक शुरू होगी। बैठक में संघ प्रेरित 32 संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी भाग लेंगे। इनमें से 249 विविध संगठनों के कार्यकर्ता और अन्य संघ संबंधित अधिकारियों को मिलाकर कुल 320 कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

बीजेपी समेत सभी संगठनों के प्रतिनिधि होंगे शामिल बैठक में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले और सभी 6 सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, सी आर मुकुंद, अरुण कुमार, रामदत्त, आलोक कुमार और अतुल लिमये भी शामिल होंगे। ये सभी जोधपुर पहुंच चुके हैं।
आंबेकर ने स्पष्ट किया कि इसमें भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिंदू परिषद सहित सभी 32 संघ प्रेरित संगठनों के प्रमुख कार्यकर्ता भाग लेंगे। इनमें भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ, विद्या भारती, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, स्वदेशी जागरण मंच, संस्कार भारती, सेवा भारती जैसे संगठन शामिल हैं।
कोई प्रस्ताव पारित नहीं होगा प्रचार प्रमुख ने स्पष्ट किया कि यह बैठक निर्णायक नहीं होती है। यह परस्पर समन्वय की चर्चा के लिए होती है। निर्णय तो सभी लोग अपने-अपने संगठन की कार्यकारिणी में करते हैं। इसमें कोई प्रस्ताव भी पारित नहीं होगा।

आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने गुरुवार को बैठक की जानकारी दी। इस दौरान जोधपुर प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा भी उपस्थित रहे।
शताब्दी वर्ष में देशभर में होंगे आयोजन सुनील आंबेकर ने बताया- आगामी विजयादशमी (2 अक्टूबर) को संघ के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसलिए 2025-26 शताब्दी वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। नागपुर में विशेष कार्यक्रम के साथ देशभर में भव्य आयोजन होंगे।
राजस्थान से विशेष लगाव जोधपुर में बैठक आयोजित करने को लेकर पूछे गए सवाल पर आंबेकर ने कहा- संघ के प्रारंभिक काल से ही राजस्थान में संघ का कार्य काफी व्यापक है। यहां के लोगों ने संघ कार्य को बहुत अच्छा सहयोग दिया है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments