![]()
प्रतापगढ़ पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 17 लाख रुपए कीमत की अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चलाए गए अभियान में पुलिस ने 3 किलो 421 ग्राम अवैध अफीम जब्त की।
छोटीसादड़ी थाना पुलिस कारूण्डा चौराहे पर नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान एक व्यक्ति पीठ पर बैग लटकाए हाईवे रोड से पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह वापस मुड़कर जाने लगा। इससे पुलिस को संदेह हुआ।
पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। उसने अपना नाम बीरबल राम (40) बताया। वह खोतो की ढाणी, रोहिचा कलां, थाना लूणी, जिला जोधपुर का रहने वाला है। उसके बैग की तलाशी लेने पर अंदर प्लास्टिक की थैली में 3 किलो 421 ग्राम अफीम मिली।
पुलिस ने अवैध अफीम जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। छोटीसादड़ी थाने में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। आरोपी से अफीम के संबंध में पूछताछ जारी है।
जांच में पता चला है कि आरोपी बीरबल राम का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से है। उस पर पुलिस थाना लूणी जोधपुर में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा पुलिस थाना झंवर जोधपुर में धारा 8/15, 21 एनडीपीएस एक्ट और पुलिस थाना लूणी जोधपुर में धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments