![]()
एसडीएम ने वजीरपुर दरवाजे के ऊपर संचालित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल नंबर-5 का औचक निरीक्षण किया।
करौली में लगातार हो रही बारिश के बीच स्कूलों की जर्जर हालत को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। मंगलवार को करौली के एसडीएम प्रेमराज मीणा ने वजीरपुर दरवाजे के ऊपर संचालित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल नंबर-5 का औचक निरीक्षण किया।
स्कूल भवन की खस्ताहाल स्थिति और उसमें करंट आने की शिकायतों के बाद एसडीएम मौके पर पहुंचे। 1963 से संचालित यह स्कूल अब पूरी तरह से जर्जर अवस्था में है। चारदीवारी टूट चुकी है। छतें अस्थायी टीन शेड और पाटौर से ढकी हुई हैं।
बारिश के दौरान दीवारों में करंट आने के कारण छात्रों की सुरक्षा खतरे में है। इसी वजह से पिछले चार दिनों से स्कूल बंद है। इससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।
एसडीएम ने शिक्षकों से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्कूल को शीघ्र ही किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हाल ही में झालावाड़ के एक सरकारी स्कूल की छत गिरने से 7 बच्चों की मौत हुई थी। इसके बाद प्रदेशभर में स्कूलों की इमारतों की जांच के आदेश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में करौली प्रशासन ने भी कार्रवाई तेज कर दी है।
वजीरपुर दरवाजे की खुद की हालत भी बेहद जर्जर है। ऐसे में उसके ऊपर स्कूल का संचालन बच्चों के लिए खतरा बन गया था। प्रशासन की सक्रियता से उम्मीद है कि छात्रों को जल्द ही एक सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments