![]()
आरएलडी के प्रदेशाध्यक्ष जोगिंदर सिंह अवाना ने अस्पताल में स्कूल हादसे के शिकार बच्चों से मुलाकात की और उनके इलाज की व्यवस्था पर परिजनों से चर्चा की।
राष्ट्रीय लोकदल राजस्थान (आरएलडी) के प्रदेशाध्यक्ष जोगिंदर सिंह अवाना 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ झालावाड़ पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में स्कूल हादसे के शिकार बच्चों से मुलाकात की और उनके इलाज की व्यवस्था पर परिजनों से चर्चा की।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल मनोहरथाना के पिपलोदी गांव पहुंचा। वहां मृतक बच्चों हरीश, कुंदन, पायल, कार्तिक, कान्हा, मीना और प्रिया के परिजनों से मिलकर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। प्रदेशाध्यक्ष अवाना ने कहा कि पीड़ित परिवारों को सहायता राशि के रूप में 10 लाख रुपए नाकाफी है। उन्होंने कहा कि जब विमान दुर्घटना में एक करोड़ रुपए की सहायता दी जा सकती है, तो इन मासूम बच्चों के परिवारों को क्यों नहीं दी जा सकती है।
अवाना ने सरकार से मृतकों के परिवारों को 50-50 लाख और घायलों को पांच-पांच लाख रुपए देने की मांग की। साथ ही केंद्र से विशेष पैकेज की भी मांग की। उन्होंने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के हादसे के दौरान दिए गए बयान को जल्दबाजी में दिया गया बताया। मुख्यमंत्री के झालावाड़ नहीं आने पर अवाना ने कहा कि हो सकता है कामकाज की व्यस्तता के कारण वे नहीं आ पाए।
अवाना ने बताया कि उनकी पार्टी इस हादसे में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आरएलडी का केंद्र सरकार में गठबंधन है और वे इस घटना की रिपोर्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को दिल्ली जाकर सौंपेंगे। उन्होंने सरकार से घायल बच्चों के लिए जल्द सहायता राशि की घोषणा करने की मांग की। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष देवी सिंह राजपूत, महासचिव राजपाल चौधरी और अशोक बंजारा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments