![]()
हरियाणा के पलवल में 23 वर्षीय एक महिला की शनिवार को मौत हो गई। मृतका के पिता इकबाल का आरोप है कि दहेज नहीं मिलने पर आरोपियों ने उनकी बेटी की हत्या कर शव को बाथरूम में फांसी पर लटका दिया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति समेत 8 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।
5 लाख की मांग करते थे ससुराल वाले
राजस्थान के खैरथल तिजारा के इकबाल ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी बेटी रिजवाना का निकाह पलवल के आलीमेव गांव में 21 अगस्त 2024 को जमशेद के साथ हुआ था। जमशेद टैक्सी चालक है।
पुलिस के अनुसार, इकबाल ने आरोप लगाया कि रिजवाना के ससुराल वाले दहेज में 5 लाख रुपए और गाड़ी की मांग करते थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी के साथ मारपीट करते थे।
गांव के लोगों ने कई बार समझाया
इकबाल ने बताया कि गांव के प्रतिष्ठित लोगों और बिचौलियों के माध्यम से कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। आरोप है कि दहेज नहीं मिलने पर आरोपियों ने रिजवाना की हत्या कर शव को बाथरूम में फांसी पर लटका दिया। गांव के सरपंच सकरुल्ला ने उन्हें फोन कर रिजवाना की मौत की सूचना दी।
चारपाई पर रखा था शव
पिता का कहना है कि जब हम वहां पहुंचे तो रिजवाना का शव घर के आंगन में चारपाई पर रखा हुआ था। उनका आरोप है कि पति जमशेद, सास अमीना, ससुर जब्बार, जेठ मुन्फेद, जेठानी साहिना, ननद अस्मा व कल्ली और देवर शौकीन ने उसकी बेटी की हत्या की है।
ससुराल पक्ष का कहना है कि रिजवाना ने आत्महत्या की है। बहीन थाना के जांच अधिकारी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें रिजवाना का शव घर के आंगन में पड़ी चारपाई पर मिला। पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments