![]()
राजस्थान फुटबॉल संघ के निर्देशानुसार जिला फुटबॉल संघ कोटा पहली बार राज्यस्तरीय सीनियर (पुरुष) फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन करेगा।
आयोजन सचिव तीरथ सांगा ने बताया कि यह प्रतियोगिता राजस्थान फुटबॉल संघ की सबसे बड़ी चैंपियनशिप है, जिसमें पूरे प्रदेश के 32 जिलों की टीमें भाग लेंगी। इस दौरान लगभग 600 खिलाड़ी और 200 ऑफिशियल, मैनेजर एवं कोच प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे। खिलाड़ियों और अधिकारियों की बड़ी संख्या को देखते हुए जिला फुटबॉल संघ की ओर से मैदान और आवास संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष कमल गोस्वामी ने बताया कि यह प्रतियोगिता नॉक आउट आधार पर खेली जाएगी। इसके मुकाबले कोटा के तीन प्रमुख मैदानों महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम नयापुरा, विजयवीर क्लब कुन्हाड़ी और मल्टीपरपज खेल स्कूल गुमानपुरा में खेले जाएंगे। इससे शहर में खेलों का माहौल और भी रोमांचक होगा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 24 सितंबर को दोपहर 12 बजे आयोजित होगा। इस अवसर पर राजेश बिरला (अध्यक्ष नागरिक सहकारी बैंक कोटा), लव शर्मा (नेता प्रतिपक्ष, नगर निगम कोटा उत्तर), भावना शर्मा (रजिस्ट्रार, तकनीकी विश्वविद्यालय कोटा), दिलीप सिंह शेखावत (सचिव, राजस्थान फुटबॉल संघ) और कैलाश खटीक (कोषाध्यक्ष, राजस्थान फुटबॉल संघ) विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक मैच में “मैन ऑफ द मैच” का अवार्ड दिया जाएगा। वहीं प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को “बेस्ट डिफेंडर”, “बेस्ट मिडफील्डर”, “बेस्ट फॉरवर्ड”, “बेस्ट गोलकीपर” और “प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” जैसे विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी आगे राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस आयोजन से कोटा खेल जगत में नई पहचान बनाएगा और फुटबॉल प्रेमियों को उच्च स्तरीय मुकाबले देखने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments