जयपुर में 5 साल की बेटी को गोद में लेकर मां ने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। जमीन पर गिरने से बच्ची की मौत हो गई। जबकि मां गंभीर घायल हो गई। उसका प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
महिला के भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को दहेज के लिए टॉर्चर करते थे। उसे छत से धक्का देकर गिराया गया है। भाई ने मुरलीपुरा थाने में हत्या का केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपी पति को अरेस्ट किया।
मुरलीपुरा SHO वीरेंद्र कुरील ने बताया- मामला 14 अगस्त का है। 5 साल की बच्ची प्रियांशी की मौत हुई है। उसकी मां मंजू मीणा (32) गंभीर घायल है।

पुलिस ने शनिवार रात आरोपी पति रविंद्र कुमार को अरेस्ट किया है।
दहेज के लिए करते थे परेशान SHO वीरेंद्र कुरील ने बताया- खैरथल-तिजारा जिले के खैरथल निवासी अजय कुमार (35) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन मंजू की शादी करीब 13 साल पहले मुरलीपुरा स्कीम के दधीचि नगर निवासी रविंद्र कुमार (35) के साथ हुई थी। रविंद्र और मंजू के प्रियांशी के अलावा 12 साल का एक बेटा भी है।
रविंद्र सीकर के रींगस में रहकर प्रॉपर्टी का कारोबार करता है। मंजू अपने बच्चों, सास-ससुर और देवर-देवरानी के साथ मुरलीपुरा स्कीम में रहती है।
आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुरालवाले दहेज को लेकर मंजू को परेशान करते थे। मारपीट कर दहेज के लिए दबाव बनाया जाता था। कई बार रुपए देकर रिश्ते को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसके बाद भी उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
कॉल पर झगड़ा कर घर आया पति पुलिस का कहना है कि 14 अगस्त को मंजू का पति रविंद्र से मोबाइल कॉल पर झगड़ा हुआ था। गुस्से में रविंद्र ने मंजू को धमकाया और घर आकर देख लेने को कहा। रात करीब 8:30 बजे रविंद्र घर आया। तब मंजू बेटा और बेटी के साथ मकान की तीसरी मंजिल की छत पर थी। रविंद्र ने घर आकर मंजू से झगड़ा किया। इसी दौरान मंजू ने बेटी प्रियांशी को गोद में लेकर छत से छलांग लगा दी।
जमीन पर गिरने से मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। लहूलुहान हालत में पड़ोसियों की मदद से दोनों को मुरलीपुरा स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। हालत नाजुक होने पर प्रियांशी को SMS हॉस्पिटल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान डॉक्टर ने प्रियांशी को मृत घोषित कर दिया। घायल मंजू का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।
भाई का आरोप- छत से धक्का दिया भाई अजय का आरोप है कि दहेज के लिए मंजू को प्रताड़ित किया जाता था। तीसरी मंजिल की छत पर बेटी प्रियांशी को गोद में लेकर खड़ी मंजू को धक्का देकर छत से गिराया गया है।
मुरलीपुरा थाना पुलिस ने शिकायत पर हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। पुलिस ने शनिवार रात आरोपी पति रविंद्र कुमार को अरेस्ट किया।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments