लेबर रूम में हुई घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे खुद छात्रा ने ही बनाया था।
टोंक जिले के जनाना अस्पताल (MCH) में महिला डॉक्टर और इंटर्नशिप कर रही स्टूडेंट में हिजाब को लेकर बहस हो गई। महिला डॉक्टर ने छात्रा को ड्यूटी के दौरान हिजाब नहीं पहनने के लिए कहा। इस पर छात्रा ने धार्मिक आस्था का विषय बताकर हिजाब में ही ड्यूटी करने की
मामला शनिवार का है। रविवार को इसका वीडियो सामने आया है। वीडियो खुद छात्रा ने बनाया था। इसमें डॉक्टर कह रही हैं कि इंजेक्शन लगाने वाले का चेहरा मरीज को दिखना चाहिए। आपको चेहरा दिखाने में दिक्कत है तो काम नहीं करना चाहिए।
घटना पर टोंक के कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई। वे अस्पताल पहुंचे और MCH प्रभारी डॉक्टर विनोद परवेरिया से महिला डॉक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की। परवेरिया ने नियमानुसार जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

वीडियो में डॉक्टर ने छात्रा को हिदायत दी कि यह मरीजों की सेहत का मामला है, जिसे मजहब से न जोड़ें।
छात्रा बोली- ड्यूटी पर आते हुए चेहरा दिखा दूंगी वीडियो में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर बिंदु गुप्ता इंटर्न छात्रा को ड्यूटी के दौरान हिजाब न पहनने की हिदायत दे रही हैं। जबकि छात्रा इसे धार्मिक आस्था का विषय बता रही है।
डॉक्टर गुप्ता छात्रा से कहती नजर आ रही हैं कि अस्पताल में काम करने वाले कर्मचारियों का चेहरा मरीजों को साफ-साफ दिखना चाहिए। इस पर छात्रा जवाब देती है- ‘मैं ड्यूटी पर आते समय चेहरा दिखा दूंगी। मेरा पहचान पत्र है, और क्या चाहिए?’
इस पर डॉक्टर गुप्ता ने कहा- मरीज को किसने इंजेक्शन लगाया, इसकी जानकारी मरीज को होनी चाहिए। रिएक्शन हो गया तो कैसे पता चलेगा कि किसने इंजेक्शन लगाया। हिजाब अस्पताल में नहीं पहना जा सकता है। ऐसा बिल्कुल नहीं चलेगा। चेहरा हर समय साफ दिखना चाहिए। इसे मजहब से न जोड़ें। आपके धर्म के दूसरे लोग भी हैं, लेकिन उन्हें चेहरा दिखाने में कोई दिक्कत नहीं है।
इंटर्न छात्रा पहले भी कर चुकी शिकायत MCH प्रभारी डॉक्टर विनोद परवेरिया ने कहा- छात्रा पिछले एक महीने से जनाना अस्पताल में यूनानी इंटर्नशिप कर रही है। उसकी ड्यूटी लेबर रूम में है।
तीन दिन पहले भी उसने हिजाब पहनने को लेकर डॉक्टर बिंदु गुप्ता की शिकायत की थी। तब डॉक्टर गुप्ता को समझाया था। शनिवार को एक बार फिर इसी मुद्दे पर बहस हुई और उसका वीडियो सामने आ गया।

डॉक्टर विनोद परवेरिया ने बताया- इस पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। सोमवार को छात्रा से औपचारिक बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भड़काऊ टिप्पणी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी टोंक शहर के कोतवाली थाना सीआई भंवरलाल वैष्णव ने बताया- वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस की साइबर सेल इस मामले पर पैनी नजर बनाए हुए है। किसी भी तरह की विवादित या भड़काऊ टिप्पणी करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments