राजस्थान में 10 से 12 अगस्त तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। शनिवार को भरतपुर, अलवर, जयपुर, करौली, डूंगरपुर के कई इलाकों में दोपहर बाद हल्की से मध्यम बरसात हुई। उधर पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर और बीकानेर में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 10 अगस्त से 12 अगस्त तक राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। वहीं, 13 अगस्त को 9 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान भरतपुर के नगर एरिया में 35MM, सीकरी में 17, जुरहरा में 15, कामां में 5, धौलपुर के राजाखेड़ा में 2, अलवर के टपूकड़ा में 6, कोटकासिम में 5, तिजारा में 7, नीमराणा में 3MM बरसात हुई।
जयपुर में भी शनिवार दोपहर बाद कई जगह बारिश हुई। जयपुर में कानोता, बस्सी, ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर, जगतपुरा, सांगानेर, टोंक रोड, जेएलएन मार्ग समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। जयपुर मौसम केंद्र पर 7.4MM बरसात दर्ज हुई।
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि राज्य में 12 अगस्त तक मौसम शुष्क रहेगा। 13 अगस्त से हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। जबकि 17-18 अगस्त से राजस्थान में वेदर सिस्टम बनने और उससे कहीं-कहीं तेज या भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
टोंक में रविवार को भी आसमान में बादल छाए हुए हैं। बीसलपुर बांध के एक गेट से पानी की निकासी जारी है। वहीं बीते 24 घंटे में उनियारा, अलीगढ़ क्षेत्र में हल्की बारिश हुई।
पश्चिमी राजस्थान में दिन और रात में गर्मी बढ़ी
पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर जिलों के कई इलाकों में बारिश का दौर थमने के बाद गर्मी तेज हो गई। शनिवार को सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीकानेर में अधिकतम तापमान 38, जैसलमेर में 37.1, बाड़मेर में 36.6, फलोदी में 36.4, जोधपुर में 34, हनुमानगढ़ में 36.9, चूरू में 34.6, टोंक में 34.2 और जयपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अब तक 64 फीसदी ज्यादा बरसात
राजस्थान में मानसून के इस सीजन में अब तक 64 फीसदी ज्यादा बरसात हो चुकी है। राज्य में 1 जून से 8 अगस्त तक 261.4MM औसत बरसात होती है, जबकि इस सीजन में अब तक कुल 429.2MM बरसात हो चुकी है।
13 अगस्त से फिर होगी बारिश
राज्य में 10 से 12 अगस्त तक राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। 13 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में मानसून एक्टिव होगा और पूर्वी राजस्थान के जिलों में बारिश का दौर शुरू होगा। इस दौरान अलवर, भरतपुर, करौली, धौलपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।



Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments