चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा तहसील में शनिवार को भगवान देवनारायण की शोभायात्रा के दौरान करंट दौड़ने से चार लोग झुलस गए। यात्रा में शामिल एक युवक के हाथ में झंडा था, जो सड़क के ऊपर से गुजर रही 132 केवी की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया।
हादसे के बाद यात्रा में अफरा-तफरी मच गई। लोग तुरंत झुलसे हुए चारों युवकों को लेकर रावतभाटा उपजिला अस्पताल पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन को गंभीर हालत में कोटा रेफर कर दिया गया, जबकि एक का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है। हादसा रावतभाटा हॉस्पिटल के सामने दोपहर करीब 12:45 बजे हुआ।

करंट लगने से झुलसे लोगों को रावतभाटा उपजिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां से तीन लोगों को हायर सेंटर कोटा के लिए रेफर किया गया।
पालेश्वर महादेव मंदिर से निकली थी यात्रा
जानकारी के अनुसार, भगवान देवनारायण की शोभायात्रा पालेश्वर महादेव मंदिर से निकाली गई थी। जैसे ही शोभायात्रा उपजिला अस्पताल के पास पहुंची, यह हादसा हो गया। इस दौरान यात्रा में 1000 से अधिक लोग शामिल थे, जो गाते-बजाते पैदल चल रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक कन्हैया लाल के हाथ में झंडा था। झंडा अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। करंट फैलते ही कन्हैया लाल और उसके आसपास खड़े तीन अन्य लोग चपेट में आ गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे।

पुलिस व प्रशासन मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है कि शोभायात्राओं के मार्ग पर हाईटेंशन तार खुले में खतरनाक तरीके से लटक रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए प्रशासन और बिजली विभाग को पहले से ही सुरक्षा इंतजाम करने चाहिए।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments