खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में खेत में काम कर रही महिला के साथ 4 पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बदसलूकी की और जबरन बाइक पर बैठा लिया। इस दौरान महिला बेहोश होकर गिर गई।
पड़ोस के खेत में काम कर रहे युवक और उसके नाबालिग बेटे ने महिला के खेत से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचे। युवक ने पुलिसकर्मियों का विरोध किया तो उसे धमकाया।
इस पर युवक ने पुलिस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर लाइव कर दिया। उसने पूछा कि बिना महिला पुलिसकर्मी के महिला को कैसे पकड़ा तो उसको बाइक से उतार दिया। इसके बाद पुलिस ने पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया। घटना का वीडियो सामने आया तो थाने के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई मांग के साथ ही युवक और उसके नाबालिग बेटे की रिहाई की मांग की। रात करीब 9:30 बजे ग्रामीणों ने अलवर-भिवाड़ी मेगा हाईवे को जाम करने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। मामला शेखपुर अहीर थाना क्षेत्र का है।

पुलिसकर्मियों ने महिला को जबरन बाइक पर बैठा लिया। इस दौरान महिला बेहोश हो गई।
पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की राज सिंह निवासी बावंठेड़ी ने बताया- मेरे पिता गुरदीप सिंह और मेरा नाबालिग भाई कपास की फसल में दवाई देने गए थे। दोपहर करीब 12 बजे पड़ोसी राजकौर (52) के खेत से चीखने चिल्लाने की आवाज आई। मेरे पिता और भाई वहां पहुंचे तो देखा पुलिसकर्मी महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की कर रहे थे।
खेत में चारा लेने गई एक गर्भवती महिला रेखा ने विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ भी मारपीट की। रेखा को चोटें आईं और उसे तिजारा अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पिता ने विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उनको धमकाया। पिता ने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया और उसे सोशल मीडिया पर लाइव कर दिया। इस पर पुलिस ने पिता और भाई को हिरासत में ले लिया।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने थाने के बाहर दिया धरना घटना का वीडियो सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और हेड कॉन्स्टेबल रमजान खान, हेड कॉन्स्टेबल लालचंद, कॉन्स्टेबल महबूब खान और कॉन्स्टेबल सिकंदर पर महिला से बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने और हिरासत में लिए गए पिता-पुत्र को रिहा करने की मांग की।
थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन में पहुंचे कांग्रेस नेता इमरान खान ने कहा- वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुलिसकर्मी महिला को खींच रहे हैं। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के साथ मुकदमा दर्ज हो। साथ ही जिस निर्दोष को पकड़ रखा है, उसे जल्द छोड़ा जाए।

लोगों ने अलवर-भिवाड़ी मेगा हाईवे जाम करने की कोशिश की तो पुलिस ने उनको खदेड़ दिया।
थानाधिकारी बोले- मैं वीआईपी ड्यूटी पर था मामले को लेकर हमने एसएचओ लोकेश मीणा से पूछा कि पुलिस वहां किस मामले में कार्रवाई करने गई थी। इस पर उन्होंने कहा- घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थे और किसी वीआईपी ड्यूटी पर थे। इस मामले की जानकारी हेड कॉन्स्टेबल राम गोपाल दे सकते हैं।
इसके बाद हेड कॉन्स्टेबल रामगोपाल संपर्क किया तो उन्होंने इस मामले से पूरी तरह अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि न तो कच्ची शराब पर कोई कार्रवाई हुई, न ही किसी महिला के साथ मारपीट की गई और न ही कोई गिरफ्तारी हुई। जब उनसे वीडियो को लेकर पूछा गया तो जानकारी होने से मना कर दिया।

वीडियो सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जुट गए और धरने पर बैठ गए।
कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई थी पुलिस भिवाड़ी एसपी प्रशांत किरण ने बताया- एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई के तहत पुलिस दिन में गांव में गई थी। कच्ची शराब को लेकर कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने विरोध किया और एक महिला बेहोश होकर गिर गई।
उन्होंने कहा- एंबुलेंस को बुलाया गया था, लेकिन किसी वजह से एंबुलेंस नहीं पहुंच पाई। इसलिए पुलिसकर्मियों ने महिला को बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया। कोई खास बड़ा मामला नहीं है। ग्रामीणों को समझाकर धरने से उठा दिया गया है। लाठीचार्ज जैसी घटना की उन्हें कोई सूचना नहीं है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments