![]()
भरतपुर जिले के सेवर थाना पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ते हुए 159 पेटी देशी और अंग्रेजी शराब, एक टाटा सफारी गाड़ी, एक स्कूटी, 15 हजार 770 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक पेटीएम मशीन जब्त की है। जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
1 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि अनाह गांव में रामकिशन अपने घर के सामने दुकान में अवैध शराब बेच रहा है और बाकी शराब दुकान के पीछे और पुराने कमरे में छिपाकर रखी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो रामकिशन पुलिस को देखकर भाग गया। दुकान की तलाशी में एक कार्टन अवैध देशी शराब, 15,770 रुपये नकद, पेटीएम स्कैनर और दो मोबाइल मिले। पुराने कमरे में 16 कार्टन देशी शराब और दुकान के पीछे बने टीन शेड में 8 कार्टन देशी व अंग्रेजी शराब मिली। कुल 25 कार्टन शराब जब्त कर मामला दर्ज किया गया। इसके बाद सूचना मिली कि रामकिशन ने अपने बाड़े में खड़ी सफारी गाड़ी और एक कमरे में बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपा रखी है।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी की तलाशी ली, जिसमें 8 कार्टन शराब मिले। पास के कमरे से 90 कार्टन देशी और 36 कार्टन अंग्रेजी शराब मिली। कुल 134 कार्टन (6432 पव्वे) बरामद किए गए। दोनों मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। आरोपी रामकिशन की तलाश की जा रही है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments