धौलपुर में पार्वती बांध के गेट बंद,चंबल नदी का भी जलस्तर 8 मीटर गिरा।
धौलपुर में चंबल नदी के जलस्तर में भारी गिरावट देखी गई है। शुक्रवार रात से शनिवार दोपहर तक नदी का जलस्तर करीब 8 मीटर कम हो गया है। वर्तमान में चंबल नदी खतरे के निशान से महज 4 मीटर ऊपर बह रही है।
बारिश थमने के बाद पार्वती बांध के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं। इससे पार्वती नदी का जलस्तर भी काफी कम हुआ है। हालांकि प्रशासन अभी भी अलर्ट मोड पर है।
हाडोती क्षेत्र में हुई बारिश के कारण चंबल नदी का जलस्तर खतरे के निशान 130.79 मीटर से बढ़कर 142.63 मीटर तक पहुंच गया था। इससे चंबल नदी के पुराने पुल पर करीब तीन फीट पानी की चादर बह रही थी।
बाढ़ ने राजाखेड़ा और सरमथुरा उपखंड के करीब दो दर्जन गांवों को प्रभावित किया था। हालात को देखते हुए राहत और बचाव कार्य के लिए सेना को भी बुलाया गया था। सेना और एसडीआरएफ ने बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

चंबल नदी का जलस्तर खतरे के निशान 130.79 मीटर से बढ़कर 142.63 मीटर तक पहुंच गया था।
जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम, जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी, आईजी भरतपुर रेंज कैलाश चंद्र बिश्नोई और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने स्थिति का जायजा लिया था। जिला प्रभारी मंत्री ने आपदा में फंसे लोगों को हर संभव मदद करने के निर्देश दिए थे।
वर्तमान में चंबल नदी 134.50 मीटर पर बह रही है। बाढ़ प्रभावित गांवों से पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने बताया कि आपदा प्रबंधन की सभी टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जल संसाधन विभाग की टीम हर घंटे जलस्तर का अपडेट ले रही है।
पार्वती बांध भराव क्षमता को लगभग पूरा कर चुका है। पहले पार्वती बांध से नदी में पानी रिलीज किये जाने से करीब दो दर्जन गांव का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया था। सड़क मार्गों पर पानी की दो से तीन फीट की चादर चल रही थी। लेकिन शुक्रवार रात्रि को सभी सड़क मार्ग से पानी उतर चुका है। जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता पपेंद्र मीणा के अनुसार जिले में औसत 108 फीसदी बारिश हो चुकी है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments