![]()
लोन दिलवाने के बहाने दोस्त ने ही युवक का बैंक अकाउंट खुलवाया। इसके बाद उस अकाउंट से लाखों रुपए के इलीगल ट्रांजैक्शन कर दिए। पुलिस से नोटिस आने पर युवक को पूरे मामले का पता चला। अब युवक ने साइबर पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है।
सीकर के गोठड़ा भूखरान निवासी महेश कुमार जाट ने सीकर के साइबर पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि करीब 1-2 साल पहले उसके दोस्त जयप्रकाश जाट निवासी झाड़ेवा को उसने कहा था कि पर्सनल काम के लिए मुझे लोन चाहिए। तब जयप्रकाश ने कहा कि वह लोन दिलवा देगा। 9 सितंबर 2024 को जयप्रकाश अपने साथ संदीप को सीकर के पिपराली रोड स्थित एचडीएफसी बैंक ले गया। वहां जयप्रकाश ने कहा कि लोन के लिए अकाउंट की जरूरत पड़ेगी। इसलिए तुम्हें 5 हजार रुपए देने होंगे। संदीप ने वहां अकाउंट भी खुलवा लिया।
एचडीएफसी बैंक के अकाउंट के पासबुक, एटीएम कार्ड और चेकबुक भी जयप्रकाश ने अपने पास रख ली। जब संदीप ने जयप्रकाश से चेकबुक और बाकी डॉक्यूमेंट मांगे तो उसने कहा कि लोन की प्रक्रिया बहुत लंबी होती है। पूरी प्रक्रिया होने के बाद तुम्हें दे दूंगा।
10 दिन बाद जब संदीप ने जयप्रकाश को कांटेक्ट किया और पूछा कि उसका लोन पास हुआ है या नहीं तो जयप्रकाश ने कहा कि अभी प्रक्रिया चल रही है थोड़े दिन और लगेंगे। काफी दिनों तक जयप्रकाश ने संदीप को गुमराह किया और उसे बैंक चेकबुक, एटीएम कार्ड भी नहीं दिया। करीब 7 से 8 महीने बीतने के बाद आज से करीब 2 महीने पहले संदीप के पास उसके बैंक अकाउंट से संबंधित कर्नाटक पुलिस का नोटिस आया।
जब इस नोटिस के बारे में पूछने के लिए संदीप बैंक में गया तो वहां बैंक वालों ने कहा कि तुम्हारे अकाउंट से लाखों रुपए के इलीगल ट्रांजैक्शन हुआ है। इसके कारण यह नोटिस आया है। जब इस बारे में संदीप ने जयप्रकाश से बात की तो उसने कहा कि यह लेनदेन उसके द्वारा ही किया गया है, तुम किसी को बताना मत तुम्हें कोई भी दिक्कत नहीं होगी। संदीप ने जयप्रकाश को कहा कि वह पुलिस में उसकी शिकायत करेगा। इस पर जयप्रकाश ने जवाब दिया कि मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी पुलिस। संदीप की रिपोर्ट पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई दीनदयाल कर रहे हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments