![]()
जयपुर डिस्कॉम ने बिजली चोरी के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को डिस्कॉम की विजिलेंस टीम ने बयाना ब्लॉक के 7 गांवों में दबिश दी। इस दौरान टीम ने 70 घरों में बिजली चोरी पकड़ी और 21 लाख 4 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
टीम को देखते ही चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। कई लोग जल्दबाजी में अपने जंफर उतारने लगे, लेकिन वे टीम की नजरों से बच नहीं पाए। डिस्कॉम एसई रामहेत मीणा के अनुसार, कार्रवाई शेरगढ़, समोगर, कपूरा, सिकंदरा, धाधरैन, रसेरी और मालीपुरा गांवों में की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस जाब्ते के साथ निगम की 16 गाड़ियों में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। कुछ स्थानों पर लोगों ने विरोध किया, लेकिन टीम ने सख्ती से कार्रवाई जारी रखी।
जांच के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध केबल भी जब्त की गई। सतर्कता टीम ने बताया कि इन गांवों में बिजली की खपत अधिक थी, लेकिन राजस्व कम आ रहा था। इन क्षेत्रों में बिजली की छीजत अधिक पाई गई थी।
डिस्कॉम अधिकारियों ने कहा है कि आगे भी ऐसे हाई लॉस वाले गांवों में कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments