![]()
लेकसिटी में गुरुवार को लगातार तीसरा दिन सूखा बीता। मौसम विभाग इसे मानसून सीजन का ब्रेक डाउन बता रहा है। यह स्थिति मानसून में हर बार बनती है। उदयपुर में बारिश नहीं होने की भी यही वजह है। शहर में अगस्त के पहले सप्ताह में सिर्फ दो दिन हल्की बरसात हुई थी
मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के निदेशक डॉ. राधेश्याम शर्मा का कहना है कि फिलहाल मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर भारत की ओर बनी हुई है। ऐसे में अगले 5 से 6 दिन और बरसात होने की संभावना नहीं है। इसके बाद 14 और 15 अगस्त से फिर से बारिश का दौर शुरू होगा। इस दौरान अच्छी बारिश हो सकती है।
इधर, बरसात का दौर थमने का असर तापमान पर भी दिखाई देने लगा है। सप्ताहभर में दिन का पारा 29 से बढ़कर 33 डिग्री पर पहुंच गया है। हालांकि रात के पारे में विशेष बदलाव नहीं हुआ है। गुरुवार को दिन का पारा 1.6 डिग्री बढ़कर 33.1 डिग्री दर्ज किया गया। रात के पारे में भी मामूली बढ़ोतरी हुई। यह 0.2 डिग्री चढ़कर 23.6 डिग्री रहा। पिछले 10 साल के आंकड़ों पर गौर करें तो अगस्त माह में साल 2020 में अगस्त में दिन का पारा 35.6 डिग्री तक पहुंचा था। यह सबसे गर्म दिन था। इस साल को छोड़कर देखा जाएं तो अगस्त माह के पहले सप्ताह में पारा 33 डिग्री तक पहुंचा है। अमूमन दूसरे, तीसरे सप्ताह में 33 डिग्री तक पारा जाता है। साल 2019 में अगस्त माह में सबसे ज्यादा 452 मिमी बरसात हुई है।
फतहसागर झील में आवक बंद होने से अब जलस्तर भी घटने लगा है। मदार नहर में बुधवार से आवक बंद गई है। 13 फीट भराव क्षमता वाली इस झील का स्तर 1 इंच घटकर 10.3 फीट रह गया है। फतहसागर से शहर में पेयजल सप्लाई के लिए रोजाना करीब 15 एमएलडी पानी का उठाव किया जाता है। इससे करीब 50 हजार लोगों की प्यास बुझती हैं। तो दूसरी ओर पिछोला को भरने वाली सीसारमा नदी में 2 फीट और नांदेश्वर चैनल में 6 इंच बहाव जारी है। हालांकि इसमें भी बहाव कम होने से झील का जलस्तर बढ़ नहीं रहा है। 11 फीट भराव क्षमता वाली पिछोला झील का जलस्तर 10.5 फीट बना हुआ है।
पूर्वानुमानों को चकमा : अगस्त के 7 में से 4 दिन अलर्ट, नहीं हुई बारिश
1 अगस्त : बरसात का अलर्ट था। नहीं हुई।
2 : कोई अलर्ट नहीं। बारिश नहीं हुई।
{3 : उदयपुर सहित संभाग में कहीं-कहीं बारिश होने का अलर्ट। शहर मंे मामूली बारिश।
4 : शहर सहित जिलेभर में कहीं-कहीं बारिश का अलर्ट। एक मिमी बरसात।
5 : उदयपुर सहित संभाग में कहीं-कहीं तेज बारिश का अलर्ट। लेकिन नहीं हुई।
6 : शहर में हल्की बारिश का अलर्ट। नहीं हुई। उल्टा पूरे दिन मौसम साफ रहा।
7 : उदयपुर सहित संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश का अलर्ट। नहीं हुई। अलर्ट के उलट दिन के तापमान में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments