प्रदेश में पहली बार आर्मी एरिए से बाहर आमजन के लिए आर्मी परेड का आयोजन होगा। इसे लेकर आज सीएम भजनलाल शर्मा ने परेड की तैयारियों को लेकर भारतीय थल सेना और अधिकारियों के साथ बैठक की।
सीएम ने कहा कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान के सम्मान में हर साल आर्मी-डे परेड का आयोजन किया जाता है। इस बार आगामी 15 जनवरी को यह भव्य आयोजन प्रदेश की राजधानी जयपुर में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आर्मी-डे परेड का आयोजन भारतीय सेना द्वारा पहली बार आर्मी क्षेत्र से बाहर आमजन के समक्ष किया जाएगा, जिससे युवाओं में देश भक्ति की भावना और अधिक प्रबल हो सके तथा दुनिया में बदलते भारत की उभरती तस्वीर नजर आए।

बैठक में मेजर जनरल अमर रामदासानी ने प्रजेंटेशन के जरिए परेड की तैयारियों की जानकारी दी।
पैदल सैनिक, टैंक, तोप, मिसाइल होगी शामिल
भारतीय सेना की दक्षिण पश्चिम कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मनजिन्दर सिंह ने बताया कि आर्मी-डे परेड को आम लोगों तक पहुंचाने तथा युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से इसका आयोजन जयपुर में किया जा रहा है। इस दौरान अलग अलग दिवसों पर रक्तदान शिविर, ऑनर रन, साइकिल रैली, नो यॉर आर्मी जैसी सेना दिवस से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सेना दिवस परेड कार्यक्रम के दिन परेड संरचना के तहत पैदल सैनिक दस्ते, टैंक, तोप, मिसाइल, भारतीय सेना बैण्ड, मोटर साइकिल शो तथा विभिन्न झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के युद्ध कौशल और सांस्कृतिक विरासत के प्रदर्शन के लिए शौर्य संध्या का भी भव्य स्तर पर आयोजन किया जाएगा।
युवाओं की भागीदारी को दे प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आर्मी-डे परेड में स्कूल एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं, पर्यटकों सहित आमजन की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही परेड स्थल का चयन करते समय अनुमानित दर्शक क्षमता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने जिला कलक्टर जयपुर को आयोजन स्थल का नक्शा बनाते हुए पूरा रोड़ मैप तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे कार्यक्रम में दर्शकों को राजस्थान की अद्भुत संस्कृति की झलक भी दिखनी चाहिए।

कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने सेना मुख्यालय में सैन्य अफसरों से मुलाकात करके सेना परेड के आयोजन पर आभार जताया।
कर्नल राज्यवर्धन ने जताया सीएम का आभार कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने आज सेना मुख्यालय में सेना प्रमुख और वरिष्ठ जनरलों से मुलाकात कर इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए सशस्त्र बलों की सराहना करते हुए इसे योजनाबद्धता, सटीकता, तकनीक और संयुक्तता का आदर्श उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य प्रशासन, जयपुर स्थित दक्षिण-पश्चिमी कमान को परेड के सुचारू और भव्य आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग देने की तैयारी में जुटा है। इस अवसर पर अत्याधुनिक हथियारों की भव्य प्रदर्शनी भी आयोजित होगी, जो सेना की ताकत और तकनीकी क्षमता को प्रदर्शित करेगी। राजस्थान के युवा इस अवसर को देखने के लिए उत्साहित हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments