![]()
रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रतापगढ़ में अभियान चलाया। यह अभियान जयपुर के खाद्य सुरक्षा आयुक्त और प्रतापगढ़ के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा के निर्देश पर शुरू किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार पामेचा ने छोटी सादड़ी, प्रतापगढ़, धरियावद और धमोतर जैसे इलाकों का दौरा किया। उन्होंने वहां के होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों की जांच की।
डॉ. जीवराज मीणा ने बताया- इस अभियान के दौरान कुल 21 मिठाइयों और खाने-पीने की चीजों के सैंपल लिए गए। इनमें मलाई बर्फी, गुलाबजामुन, मावा बर्फी, पेड़ा, कलाकंद, रसगुल्ला, फीका मावा, केसर बाटी और घी जैसी चीजें शामिल हैं। इन सभी सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा गया है।
दुकानदारों को साफ-सफाई के निर्देश दिए
जांच के दौरान 10 किलो खराब और एक्सपायर हो चुके रसगुल्ले और 3 किलो पुराने मसाले मौके पर ही फेंक दिए गए। सुनील पामेचा ने दुकानदारों को साफ-सफाई रखने और कचरा डस्टबिन में डालने की सख्त हिदायत दी। अब लैब से रिपोर्ट आने के बाद जो भी गड़बड़ी मिलेगी, उस पर नियम के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments