![]()
कैलादेवी शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने अधिकारियों से की चर्चा।
करौली के प्रसिद्ध आस्थाधाम कैलादेवी में शारदीय नवरात्र मेला 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित होगा। मेले में विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मेला तैयारियों को लेकर बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पार्किंग स्थल चिह्नित करने और साइन बोर्ड लगाने के आदेश दिए। साफ-सफाई और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। विद्युत विभाग को ढीले तारों और क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों की मरम्मत के निर्देश दिए।
पीएचईडी को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने और सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़क के आसपास से अतिक्रमण हटाने को कहा। रोडवेज के अधिकारियों को चालकों से सुरक्षित वाहन संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
परिवहन विभाग को वाहनों की फिटनेस जांच और लाइसेंस जारी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। अवैध और ओवरलोडिंग वाहनों पर कार्रवाई के लिए पुलिस और परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चिकित्सा व्यवस्था, एंबुलेंस, जीवन रक्षक उपकरण और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कालीसिल नदी के घाटों की सफाई और गोताखोरों की व्यवस्था भी की जाएगी।
वहीं फायर बिग्रेड की व्यवस्था करने और बेसहारा पशुओं के मेला क्षेत्र में विचरण नहीं करने देने के लिए पशुपालन विभाग के साथ समन्वय कर गौशाला आदि में अलग से व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा के लिए लगेगा पुलिस जाप्ता बैठक में पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने कहा कि मेले के दौरान आवश्यकतानुसार पुलिस जाप्ता लगाया जाएगा। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था कराने, होमगार्ड लगवाने, यातायात व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों से कहा। जिससे अवांछित गतिविधियों पर रोकथाम हो सके।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवचरण मीणा, सीएमएचओ डॉ जयंतीलाल मीना, सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के सहायक निदेशक धर्मेन्द्र मीना, उपखंड अधिकारी प्रेमराज मीणा, सहित जलदाय, चिकित्सा, पशुपालन, रसद, कैलादेवी मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधि सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments