![]()
ब्यावर में न्यायिक मध्यस्थता से निपटाएं जाएंगे लंबित मामले।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के ‘मेडिएशन फॉर द नेशन’ अभियान के तहत ब्यावर जिले में 24, 25 और 26 सितंबर 2025 को विशेष मध्यस्थता कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का शीघ्र और आपसी सहमति से निपटारा करना है।
जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला एवं सेशन न्यायाधीश दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि न्यायपालिका, प्रशासन और पुलिस मिलकर मध्यस्थता के माध्यम से मामलों का निपटारा करेंगे। उन्होंने कहा, “अधिकांश प्रकरण राजीनामे से समाप्त होते हैं, ऐसे में अनावश्यक समय गंवाने के बजाय हमें अधिक से अधिक मामलों को मध्यस्थता से निस्तारित करना चाहिए।”
न्यायाधीश गुप्ता ने जानकारी दी कि ब्यावर जिले में कई ऐसे मुकदमे लंबित हैं जिनमें राजीनामे की गुंजाइश है। इस पहल से न्यायालय का कार्यभार कम होगा और न्यायपालिका त्वरित निर्णय दे सकेगी, जिससे आमजन का न्याय पर विश्वास और मजबूत होगा।
अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश विजय प्रकाश सोनी ने कहा कि अक्सर छोटे प्रकरण अहंकार के कारण न्यायालय तक पहुँच जाते हैं, जबकि अंततः वे मध्यस्थता और राजीनामे पर ही समाप्त होते हैं। जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने अभियान की सफलता के लिए प्रशासन के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया, वहीं पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने इसे उपयोगी बताते हुए मीडिया से व्यापक प्रचार-प्रसार का आग्रह किया।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह और सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सतीश सोनी भी उपस्थित रहे। अभियान के अंतर्गत अब तक 2800 प्रकरण मध्यस्थता के लिए रेफर किए जा चुके हैं।
कैंप के दौरान विभिन्न प्रकार के मामलों का निपटारा किया जाएगा: 24 सितंबर को बैंक एवं फाइनेंस कंपनियों से संबंधित चेक के मामले। 25 सितंबर को प्राइवेट पार्टियों के चेक संबंधी मामले। 26 सितंबर को राजीनामा योग्य फौजदारी मामले।
मध्यस्थता कैंप निम्नलिखित स्थानों पर आयोजित होंगे
मुख्यालय ब्यावर में अंबेडकर भवन (पार्श्व नाथ हॉस्पिटल के पास) और गवर्नमेंट कॉलेज। बर में राजकीय महावीर उच्च माध्यमिक विद्यालय। जैतारण में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय। विजयनगर में राजकीय महाविद्यालय। मसूदा में पंचायत समिति सभागार।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments