![]()
बारां के किशनगंज थाना क्षेत्र में मर्डर केस में पकड़े गए मास्टरमाइंड आरोपी की पुलिस कस्टडी में मौत।
बारां के किशनगंज थाना क्षेत्र में मर्डर केस में पकड़े गए मास्टरमाइंड आरोपी की सोमवार सुबह पुलिस कस्टडी में मौत हो गई। कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल के पास जंगल में हुए मर्डर का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रविवार को कोर्ट में पेश किया
मर्डर के आरोप में किया था गिरफ्तार
पुलिस ने अनुसार 22 जुलाई को हरिपुरा हाल बारां निवासी बबलू पुत्र घनश्याम मीना का शव किशनगंज थाना क्षेत्र में रामगढ़ रोड पर कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल के पास मिला था। जिसका मुंह खून से सना हुआ था तथा चोटें आई हुई थी। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने मृतक के भाई भुपेंद्र की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए एएसपी राजेश चौधरी व बारां डीएसपी ओमेंद्र सिंह शेखावत के सुपरविजन में भंवरगढ़ थानाधिकारी राजेश कुमार, साइबर सैल व जिला विशेष टीम का गठन किया। गठित टीम ने घटना के संबंध में साक्ष्य एकत्रित किए गए। किशनगंज, बारां व आसपास के गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
टीम ने आसूचना तंत्र व तकनीकी जांच से ब्लाइंड मर्डर के मास्टरमाइंड आरोपी बराना निवासी लोकेश सुमन को गिरफ्तार कर लिया था। जिसे पुलिस ने रविवार को कोर्ट मे पेश किया। जहां से उसे पांच दिन के पीसी रिमांड पर भेजा था। पुलिस हिरासत में तबीयत बिगड़ने पर सोमवार सुबह आरोपी युवक को पुलिस अस्पताल लेकर गई। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को फिलहाल अस्पताल मॉर्च्युरी में रखवाया है। फिलहाल मृतक के परिजन किशनगंज अस्पताल नहीं पहुंचे है। वहीं, सावधानी के तौर पर मौके पर पुलिस जाब्ता तैनात किया है।
हत्या के बाद मृतक का मोबाइल व पैसे लेकर हुआ था फरार पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक बबलू ने आरोपी लोकेश सुमन को रुपए उधार दे रखे थे। बबलू ने उधार दिए हुए रुपए वापस मांगे तो एक-दो बार दोनों के आपस में बहस हुई थी। आरोपी की नीयत वापस रुपए नहीं देने एवं बबलू से ओर रुपए ऐंठने की थी। इसलिए उसने बबलू की हत्या करने का प्लान बनाया।
आरोपी ने उसे झांसा देते हुए कहा कि किशनगंज इलाके में उसके एक परिचित व्यक्ति को रुपए की बहुत ज्यादा जरूरत है। उसके पास एक गाडी है जिसको वह गिरवी रखने के लिए भी तैयार है। एक-दो बार प्लान विफल भी हुआ। उसके बाद 21 जुलाई को आरोपी अपनी कार से बबलू को किशनगंज इलाके में लाया। जहां दोनों ने शराब पार्टी की।
शराब पिलाकर बबलू को कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल के पास रामगढ़ रोड पर ले जाकर जंगल में बबलू को कार से उतारा और लकडी व पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने मृतक बबलू का मोबाइल एवं उसके पास रखे नगदी 65 हजार रुपए लेकर सांवरिया सेठ चितौडग़ढ़ फरार हो गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
Related
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments