नवरात्रि का पर्व शुरू हो गया है। यह समय हमेशा से ही शुभ माना जाता है और इसी वजह से लोग सोना-चांदी की खरीदारी करना पसंद करते हैं। लेकिन इस बार हालात पिछले सालों से बिल्कुल अलग हैं। सोना और चांदी के भाव इतिहास के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए हैं। जहां एक
अब तक का सबसे ऊंचा भाव
श्री राजस्थान सर्राफा संघ के महामंत्री किशन पिछोलिया ने बताया कि इस समय सोने की कीमतें आसमान छू रही हैं। 10 ग्राम सोना अब 1 लाख 14 हजार 300 रुपए तक पहुंच गया है। वहीं चांदी की कीमत 1 किलो के लिए 1 लाख 32 हजार रुपए हो गई है। यह अब तक का सबसे ऊंचा भाव है। तुलना करें तो पिछले साल नवरात्रि के समय सोना 10 ग्राम के लिए करीब 75 हजार रुपए और चांदी 1 किलो के लिए 85 हजार रुपए में मिल रही थी। यानी एक साल में ही सोना 39 हजार और चांदी 47 हजार रुपए महंगी हो चुकी है।

सोना और चांदी के भाव इतिहास के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए हैं।
बढ़ते रेट के पीछे है अंतरराष्ट्रीय और आर्थिक कारण
सोने-चांदी की कीमतों में इस उछाल के पीछे कई अंतरराष्ट्रीय और आर्थिक कारण बताए जा रहे हैं। पिछोलिया ने कहा कि दुनिया भर के बड़े-बड़े सेंट्रल बैंक लगातार सोना-चांदी खरीद रहे हैं। अमेरिका ने भारत पर कुछ टैरिफ लगाए हैं, जिससे व्यापार पर असर पड़ा है। इसके अलावा रूस-यूक्रेन का युद्ध और इसराइल-हमास की जंग भी बाजारों में अस्थिरता ला रही है। पड़ोसी देशों नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता और तख्ता पलट जैसी घटनाएं भी असर डाल रही हैं। इन सबके बीच अमेरिकी फेडरल बैंक ने ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की कटौती की है, जिससे निवेशक सोने-चांदी में ज्यादा भरोसा दिखा रहे हैं।
इन्हीं कारणों से पिछले एक महीने में ही सोना 13 प्रतिशत और चांदी 17 प्रतिशत महंगी हो गई है। जब कीमतें लगातार बढ़ती हैं तो बाजार में हलचल स्वाभाविक है। सर्राफा कारोबारियों का मानना है कि दाम भले बढ़ गए हों, लेकिन खरीदारी रुकने का नाम नहीं ले रही।

चांदी 1 किलो के लिए 85 हजार रुपए में मिल रही थी।
इन्वेस्ट के लिए खरीद रहे है सोना-चांदी
दरअसल, नवरात्रि और फिर आने वाले दिनों में दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहार हैं। भारत में परंपरागत रूप से सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। शादी-ब्याह का सीजन भी करीब आता है, ऐसे में लोग इन्वेस्टमेंट के नजरिए से भी सोना-चांदी खरीदते हैं। पिछोलिया के अनुसार, मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए सोना-चांदी की खरीदारी अब मुश्किल हो गई है। बढ़े हुए दामों ने आम लोगों की जेब पर बोझ डाल दिया है। लेकिन फिर भी ऐसे ग्राहक बड़ी संख्या में आ रहे हैं जो इसे सिर्फ निवेश का जरिया मानकर खरीद रहे हैं।
दीपावली से पहले गिर सकते है दाम
सर्राफा बाजार के जानकारों का कहना है कि त्योहारों के मौसम में हमेशा रौनक बनी रहती है। पिछले दिनों अच्छी बारिश हुई है और किसानों की फसलें भी अच्छे दामों पर बिकी हैं। ऐसे में ग्रामीण इलाकों से भी खरीदारी देखने को मिल रही है। बहुत से किसान अपनी कमाई का एक हिस्सा सोना-चांदी में निवेश कर रहे हैं। यही वजह है कि दाम आसमान पर होने के बावजूद बाजारों में ग्राहकी बनी हुई है।
हालांकि, कई विशेषज्ञों का मानना है कि दीपावली से पहले सोने-चांदी के भावों में कुछ गिरावट आ सकती है। अगर ऐसा होता है तो बाजार में ग्राहकी और बढ़ सकती है। त्योहारों के समय अक्सर मांग बढ़ने से बाजार में नई हलचल देखने को मिलती है।

10 ग्राम सोना अब 1 लाख 14 हजार 300 रुपए तक पहुंच गया है।
माध्यम वर्गीय परिवार सिक्कों तक हो रहे सीमित
ग्राहकों की राय भी इस समय दिलचस्प है। कई लोग कहते हैं कि बढ़ी हुई कीमतों की वजह से अब उनकी जेब का बजट बिगड़ गया है। पहले जहां परिवार नवरात्रि या दीपावली पर सोना-चांदी की खरीदारी करते थे, अब उन्हें छोटे गहनों या सिर्फ चांदी के सिक्कों तक ही सीमित रहना पड़ रहा है। वहीं अमीर और निवेशक वर्ग इस मौके को सही समय मानकर बड़े स्तर पर खरीदारी कर रहे हैं। उनका मानना है कि आने वाले समय में कीमतें और बढ़ सकती हैं, इसलिए अभी खरीद लेना ही बेहतर है।
एक साल में आया काफी उछाल
उन्होंने कहा कि एक नजर आंकड़ों पर डालें तो पिछले साल की तुलना में इस बार का अंतर साफ दिखता है। एक साल में सोना करीब 39 हजार और चांदी 47 हजार रुपए महंगी हो चुकी है। इतने बड़े उछाल के बावजूद त्योहारों की वजह से मांग में कमी नहीं आई है। यही भारतीय बाजार की खासियत है कि चाहे दाम कितने भी हों, परंपरा और आस्था ग्राहकी को बनाए रखते हैं।
सर्राफा संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल बाजार में तेज़ी बनी हुई है। कारोबारियों की नज़र दीपावली पर टिकी है, जब परंपरागत रूप से सबसे ज्यादा खरीदारी होती है। अगर दामों में थोड़ी नरमी आई तो इस बार भी बाजार चमक उठेगा।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments