प्रदेश में इस सीजन मानसून ने रिकॉर्डतोड़ पानी बरसाया है। मानसून सीजन के 3 महीने 7 दिन बीत चुके हैं और 22 दिन शेष हैं। एक जून से अब तक की अवधि में प्रदेश के 10 जिले ऐसे हैं, जहां एक हजार मिमी से अधिक बारिश हाे चुकी है, जबकि पिछले साल ऐसे 4 जिले ही थे।
पिछले साल टोंक, करौली, सवाई माधोपुर और दौसा में ऐसा हुआ था। दूसरी ओर, इस बार अब तक 26 जिलों में असामान्य बारिश, 16 जिलों में सामान्य से अधिक और 1 जिले में 1 सामान्य बारिश दर्ज की गई है। वहीं, सोमवार को पश्चिम राजस्थान में तेज बारिश के आसार हैं। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश सांचौर में 210 मिमी दर्ज की गई। माउंट आबू में 32 घंटे में 8 इंच पानी बरसा है।
आगे क्या… अब मानसून धीमा पड़ेगा। बाड़मेर, जालोर व जैसलमेर में आज तेज बारिश का अलर्ट है। इसके बाद प्रदेश में एक सप्ताह बारिश की गतिविधियों में गिरावट रहने की संभावना है।
बांसवाड़ा में पहाड़ी पर सड़क धंसी, भीलवाड़ा में कार बही, एक की मौत
- बांसवाड़ा/छाजा- मानगढ़ धाम की पहाड़ी से गुजरात की ओर जाने वाली सड़क 600 मीटर तक धंस गई। एक कार भी गिर गई।
- भीलवाड़ा में समेलिया पुलिया पर तेज बहाव में कार बह गई। हादसे में एक की मौत हो गई। एक को ग्रामीणों ने बचा लिया।
- स्कूल बंद- डूंगरपुर और जालौर में आंगनबाड़ी केंद्रों और 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों में आज अवकाश घोषित किया गया है।

राजस्थान में सामान्य से 69.98% अधिक बारिश
प्रदेश में पिछले साल 615 मिमी बारिश हुई थी। इस बार 660 मिमी हो चुकी है। अब तक प्रदेश में सामान्य बारिश 388.51 मिमी रहती है। इससे 69.98% अधिक बारिश हो चुकी है। वहीं, राजधानी जयपुर में सामान्य से 90.16% पानी बरसा है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments