![]()
कोटपूतली में पिछले दो दिनों से मौसम में अचानक बदलाव आया। सोमवार को तेज बारिश हुई, जबकि मंगलवार को दिनभर रिमझिम जारी रही। इन दो दिनों में कोटपूतली में कुल 44 मिलीमीटर (एमएम) बारिश दर्ज की गई है।
इस बारिश से क्षेत्र में ठंडक बढ़ गई है और खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है। यह नमी रबी की फसल की बुवाई के लिए किसानों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो रही है। बारिश के बाद किसानों के चेहरों पर खुशी देखी जा रही है।
दरअसल, जिले के अधिकांश क्षेत्र शुष्क होने के कारण किसान रबी की बुवाई के लिए ‘पलाव’ (बुवाई से पहले खेत तैयार करना) करने में पानी की कमी का सामना कर रहे थे, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। इस बारिश ने उनकी इस समस्या को काफी हद तक कम कर दिया है।
कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. रामजी लाल यादव ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को हुई बारिश हल्की से मध्यम श्रेणी की है। इससे मिट्टी में नमी बनी है, जो फसलों के लिए अनुकूल है।
हालांकि डॉ. यादव ने यह भी चेतावनी दी कि यदि अगले कुछ दिनों में और बारिश होती है, तो बुवाई में देरी हो सकती है और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि वे बारिश रुकने के बाद ही बीज डालें और खेतों की नमी का संतुलन सुनिश्चित कर लें। उन्होंने कहा कि यह मौसम रबी की फसल की बुवाई के लिए उत्तम है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments