![]()
हनुमानगढ़ में बिना बारिश के ही रोडवेज बस डिपो के पास श्रीगंगानगर मार्ग पर नाला ओवरफ्लो हो गया।
हनुमानगढ़ में सोमवार को बिना बारिश के ही रोडवेज बस डिपो के पास श्रीगंगानगर मार्ग पर नाला ओवरफ्लो हो गया। इससे सड़क पर पानी भर गया। इससे नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थिति यह है कि पिछले दिनों हुई बारिश का पानी रोडवेज बस डिपो में जमा हो गया था। नगर परिषद के कर्मचारियों ने पंप लगाकर इस पानी को बाहर के नाले में डाला, लेकिन नाले में कचरा भरा होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाई। जागरूक नागरिक परितोष सारस्वत ने बताया कि मानसून से पहले नगर परिषद ने नालों की सफाई के लिए लाखों रुपए के टेंडर जारी किए थे।
हालांकि, सफाई सिर्फ कागजों तक ही सीमित रही। वाल्मीकि चौक के पास कचरे से नाला जाम है। जलभराव से दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा और उनकी ग्राहकी प्रभावित हुई। नागरिकों ने नगर परिषद से नालों की तत्काल सफाई करवाने और जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्या बोले नगर परिषद प्रशासक
नगर परिषद प्रशासक-एडीएम उम्मेदी लाल मीना ने बताया कि पिछले दिनों शहर में 90 एमएम बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया था। अधिक जलभराव वाली जगहों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने पर विचार चल रहा है। कलेक्ट्रेट व हाउसिंग बोर्ड में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का कार्य किया जा रहा है। इससे जल का बचाव, पुनर्भरण होगा। काफी हद तक जलभराव की समस्या से भी निजात मिलेगी। संगरिया मार्ग पर मानसून सीजन के कारण कार्य रोका गया था। बारिश बंद होने के बाद कार्य शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे कचरे को नालियों की जगह कचरा पात्र में ही डालें, क्योंकि नाले में कचरा भरने से पानी की निकासी में बाधा उत्पन्न होती है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments