दौसा के लालसोट के संस्कृत कॉलेज में कांग्रेस की संविधान बचाओ और वोट चोर गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान को लेकर सभा हुई। सभा में गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा-राजस्थान में बीजेपी की पर्ची से बनी हुई सरकार को पौने दो साल हो चुके, लेकिन अभी तक कुछ नहीं कर पाए
वोट चोरी और संविधान की हत्या कर रहे हैं। भ्रष्टाचार का आलम ये है कि न तो मुख्यमंत्री कोई निर्णय ले पा रहे हैं, न मंत्रियों की कोई सुनता है। एमएलए की कोई पूछ नहीं है। जनता पूरी तरह त्रस्त है।

सभा में गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जुली समेत अन्य कांग्रेसी नेता शामिल हुए।
झालावाड़ स्कूल हादसे पर सरकार ने कोई सहायता नहीं दी
डोटासरा ने कहा-स्कूल में टीचर नहीं है, अतिवृष्टि से किसान परेशान है। 200 से ज्यादा किसान की मौत हो चुकी है। मकान गिर गए हैं, लोग बेघर हो गए, स्कूलें बंद पड़ी है। झालावाड़ स्कूल में 7 बच्चों की मौत हो गई, कोई पूछने वाला नहीं है।
ऑपरेशन सिंदूर में सैनिक संदीप गोगा शहीद हो गए, मुख्यमंत्री संवेदना प्रकट करने भी नहीं जा पाए। झालावाड़ स्कूल हादसे के पीड़ित परिवारों को सरकार ने कुछ नहीं दिया। यह तो हमारे लोगों के द्वारा दिया गया चंदा कलेक्टर को सौंपा था। कलेक्टर ने उससे बकरियां खरीद कर दी है। ऐसे लोगों को शर्म से डूब कर मर जाना चाहिए। पीड़ितों को एक एक करोड़ रुपए का पैकेज मिलना चाहिए, लेकिन उन्होंने नहीं दिया।
डोटासरा ने दौसा में ट्रेनी एसआई राजेंद्र सैनी की मौत को लेकर कहा कि सरकार के अनिर्णय की स्थिति के चलते यह स्थिति पैदा हुई है। अगर सरकार समय पर निर्णय लेती तो वह थानेदार आज जिंदा होता। वह मरा नहीं सिस्टम ने उसकी हत्या की है।
विधानसभा में विपक्ष की निगरानी के लिए दो कैमरे लगाए-जुली
टीकाराम जूली ने कहा-विधानसभा में पहले से ही कैमरे लगे हुए हैं जो पूरी विधानसभा को कवर करते हैं, लेकिन इन्होंने दो अलग से कैमरे विपक्ष पर निगरानी रखने के लिए लगाए हैं। उन दोनों कैमरों की कीमत साढ़े 18 लाख रुपए है। साढ़े 18 लाख रुपए में तो लालसोट में किसी का बढ़िया सा मकान बन जाता।
यह सरकार काम करने के बजाय विपक्ष के मुद्दों पर ध्यान दे रही है। विपक्ष क्या सवाल पूछना चाहता है, क्या तैयारी कर रहा है, उसको लेकर यह सरकार हमारी रेकी कर रही है।

संस्कृत कॉलेज में हुई कांग्रेस की सभा में पहुंचे लोग।
हुडला ने किरोड़ी मीणा और राजेंद्र मीणा को घेरा
महवा के पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुडला ने मंत्री किरोड़ी लाल मीणा और उनके भतीजे विधायक राजेंद्र मीणा पर निशाना साधा।
हुडला ने कहा-इन्होंने मेरे और गोविंद सिंह डोटासरा के घर ईडी भेजी थी। मेरे ऊपर एक रुपए का भी भ्रष्टाचार का आरोप जिस दिन सिद्ध हो जाएगा, मैं गंगाजल की सौगंध खाकर कहता हूं, उसी दिन ही राजनीति की बात नहीं करूंगा।
हुडला ने कहा-कृषि मंत्री डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा नकली खाद बीज की फैक्ट्री पर छापा मार कर कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन उनके भतीजे राजेंद्र मीणा 1300 रुपए के डीएपी खाद को 1700 रुपए में किसानों को बेच रहे है। उन पर कब रेड डाल रहे हैं।
लालसोट भ्रष्टाचार का अड्डा बना-परसादी मीणा
पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा-लालसोट भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है। बिना पैसे कम नहीं होता है। कांकरिया बांध में मछली का टेंडर एक करोड़ रुपए में होता, जिसे यहां के बीडीओ ने 10 हजार रुपए में इनके चहेतों के टेंडर कर दिया। यहां से रोजाना एक ट्रक मछली दिल्ली जाती है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments