उदयपुर में बीजेपी के गोगुंदा विधायक प्रताप गमेती ने इलाज की आड़ में आदिवासियों का धर्म परिवर्तन करने का आरोप लगाया है। दरअसल, गोगुंदा विधायक मंगलवार शाम को मालवा का चौराह के मोजरा गांव में दौरे पर थे। इसी दौरान वे अचानक एक चर्च के पास घर में पहुंचे।
यहां कुछ लोगों का इलाज किया जा रहा था। विधायक ने इलाज के नाम पर आदिवासियों का धर्म परिवर्तन करने का आरोप लगाया। विधायक ने तुरंत बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह को सूचना दी। वे जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही बेकरिया अस्पताल के डॉक्टरों को भी बुलाया गया।
सभी मरीजों को पहुंचाया अस्पताल, मौके से युवक फरार
मामले में पुलिस व प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई कर घर में भर्ती सभी मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया। अचानक हुई छापेमारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अवैध तरीके से इलाज कर रहा युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में दवाइयां और अन्य सामग्री जब्त कर ली है।

गोगुंदा के मोजरा गांव में एक चर्च के पास घर में इलाज किया जा रहा था।
विधायक का आरोप- गुमराह कर धर्म परिवर्तन करा रहे
मामले में विधायक गमेती ने कहा- आदिवासी क्षेत्र में इस तरह से मिशनरी लोग गरीबों का शोषण कर उन्हें गुमराह कर धर्म परिवर्तन करा रहे हैं। जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।
7 दिन पहले ही धर्मांतरण विरोधी बिल पास हुआ था
बता दें कि राजस्थान विधानसभा में 9 सितंबर को धर्मांतरण विरोधी बिल (राजस्थान विधिविरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध विधेयक 2025) पास हुआ था। इसमें सामूहिक रूप से धर्मांतरण कराने वाली संस्थाओं पर एक करोड़ रुपए तक के जुर्माने और धर्म परिवर्तन करवाने वाली संस्थाओं के भवनों को सीज करने और तोड़ने का प्रावधान किया है।

Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments