जिला प्रभारी मंत्री गोदारा ने शिविर में सिटी पुलिस थाना सहित 5 आवासीय पट्टों का वितरण किया।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को ब्राह्मण धर्मशाला में लगाए गए वार्ड 22, 29 व 30 के शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों से फीडबैक लेते हुए पट्टों का वितरण किया।

प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों राहत देने के लिए शिविर शुरू किए हैं, ताकि उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान हो सके। ग्रामीण क्षेत्र में वर्षों से मकान बनाकर रह रहे परिवारों को आवासीय पट्टे दिए जा रहे हैं। पालिका क्षेत्र में नियमों के तहत भूखंडों के पट्टे बनाने का कार्य हो रहा है। राज्य सरकार शहरी क्षेत्र मे आवासीय पट्टे बनाने नियमों में संशोधन करने पर विचार कर रही है ताकि शहरी लोगों को विभिन्न श्रेणी के भूखंडों के अधिक से अधिक पट्टे मिल सके।
उन्होंने कहा कि शिविर में लोगों ने अवगत करवाया कि पालिका ने कॉलोनियां काट दी व नीलामी में भूखंड बेचकर राशि जमा करवा ली, पर न तो उनको पट्टे मिले और न ही कब्जा। ऐसे प्रभावित भूखंडधारियों को जयपुर बुलाकर विभाग के मंत्री से बात कर उनकी समस्या का समाधान करवाया जाएगा। जिला प्रभारी मंत्री गोदारा ने कहा कि सूरतगढ़ क्षेत्र किसानी खेती व शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ रहा है।
शहर में डिस्कॉम ने 50 नये ट्रांसफॉर्मर लगाए हैं, इससे वोल्टेज व बिजली कट से लोगों को राहत मिली है। देश के विकास में आमजन की भागीदारी हो, इसके लिए स्वच्छता अभियान में स्वयं को आगे आना होगा। मंत्री ने पालिका ईओ को निर्देशित करते हुए कहा कि वे शहर की सार्वजनिक जगहों पर सुलभ कॉम्पलेक्स बनवाए ताकि महिलाओं को परेशानी ना हो, इसके लिए कलेक्टर सफाई व सुलभ कॉम्पलेक्स बनाने पर विशेष ध्यान दे।
शहर में नियमित रूप से सफाई हो, वे स्वयं भी इसका अगली बार औचक निरीक्षण करेंगे। बारिश के मौसम में शहरों में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। कलेक्टर व पालिका ऐसी जगहों को चिह्नित करवा कर रीचार्ज ट्यूबवेल बनाए। इससे पानी का लेवल बढ़ने के साथ सड़कों का नुकसान नहीं होगा।

शिविर में प्रभारी मंत्री गोदारा ने पट्टों का वितरण किया।
विधानसभाओं में विकास के लिए 10 करोड़ रुपए स्वीकृत किए है, जो कार्य होने हैं वो जनवरी तक पूरे हो जाएंगे है। शहरी शिविरों में आवासीय पट्टे न बनने की शिकायतें मिली है। इसके लिए नियमों में संशोधन पर विचार चल रहा है। राज्य सरकार जल्द ही शिथिलता देते हुए अधिक से अधिक पट्टे बनाने का कार्य शुरू करेगी।
इससे पहले जिला प्रभारी मंत्री गोदारा ने शिविर में विभागवार निरीक्षण कर संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए लोगों को अधिक से अधिक राहत देने के निर्देश दिए। शिविर में कलेक्टर डॉ. मंजू, एडीएम प्रशासन सुभाष चौधरी, डीएसओ कविता, सूरतगढ़ एडीएम दीनानाथ बब्बल, एसडीएम भरत जयप्रकाश मीणा, तहसीलदार विनोद कड़वासरा, डीएसपी प्रतीक मील, सिटी सीआई दिनेश सारण, पालिका ईओ पूजा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्मिक व विधायक डूंगरराम गेदर मौजूद रहे।
सिटी पुलिस थाना सहित 5 लोगों को मंत्री ने भूखंड के पट्टे दिए
जिला प्रभारी मंत्री गोदारा ने शिविर में सिटी पुलिस थाना सहित 5 आवासीय पट्टों का वितरण किया। इनमें 1958 से वंचित थाने का पट्टा भी शामिल था। वहीं, कच्ची बस्ती व 69-ए के 3 अन्य पट्टे शामिल थे। शिविर में आए लोगों ने आवासीय भूखंडों के पट्टे न बनने, केवाईसी में आ रही समस्याओं, पालिका में राशि जमा करवाने के बाद पट्टे न मिलने, सफाई व बिजली की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन देकर अवगत करवाया।
मंत्री ने बिजली की समस्या पर कहा कि वार्ड के लोग जगह बताए डिस्कॉम नया ट्रांसफॉर्मर लगाने को तैयार है। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करवाने के लिए कलेक्टर व ईओ को विशेष ध्यान देने को कहा है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments