![]()
कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक ली।
झालावाड़ स्कूल हादसे के बाद डूंगरपुर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जर्जर और क्षतिग्रस्त भवनों के सघन निरीक्षण की ब्लॉकवार समीक्षा की।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जर्जर और नकारा भवनों का उपयोग किसी भी स्थिति में न किया जाए। डूंगरपुर कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित बैठक में सभी विभागों के जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर ने तीन दिन पूर्व दिए गए निर्देशों की अनुपालना की भी समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर ने स्कूलों, छात्रावासों, आंगनबाड़ी और मां बाड़ी के अंतर्गत असुरक्षित भवनों में कक्षा संचालन पर रोक लगाई। उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। साथ ही पीडब्ल्यूडी द्वारा पूर्व में नकारा घोषित भवनों को नियमानुसार तत्काल गिराने और नए प्रस्ताव भेजने के लिए कहा।
कलेक्टर ने प्रथम दृष्टि से की गई सर्वे को पीडब्ल्यूडी तकनीकी इंजीनियरों के साथ दोबारा जांच कर फाइनल रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने टीएडी छात्रावास, सामाजिक न्याय विभाग के छात्रावास, स्कूल, आंगनबाड़ी, मां बाड़ी, चिकित्सा केंद्र और पशुपालन चिकित्सा केंद्रों सहित सभी विभागों से ब्लॉकवार जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि जिन भवनों पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है, उन पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए। जर्जर भवनों को कमेटी द्वारा प्रमाणित कर गिरवाने और क्षतिग्रस्त भवन या क्षेत्र में किसी को प्रवेश न देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि इन स्थानों पर सूचना चस्पा की जाए ताकि सभी को जानकारी मिल सके।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments