![]()
पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर पेट्रोल-डीजल के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हनुमानगढ़ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से पेट्रोल-डीजल के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बुधवार को एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन जिलाध्यक्ष पतराम भाम्भू ने बताया कि राजस्थान के मुकाबले पंजाब में डीजल 5 रुपए और पेट्रोल 8 रुपए तक सस्ता है। इस कारण पंजाब से पिकअपों में अवैध रूप से ईंधन लाकर हनुमानगढ़ जिले के गांवों और हाईवे पर स्थित होटलों और किराना दुकानों पर खुलेआम बेचा जा रहा है।
कई डीजल माफिया अपनी पिकअप पर डिस्पेंसिंग यूनिट लगाकर मोबाइल रिटेल आउटलेट के रूप में हाईवे पर ट्रकों में अवैध डीजल भर रहे हैं। इस अवैध कारोबार से क्षेत्र के पेट्रोल पंपों की बिक्री इतनी कम हो गई है कि मालिक सेल्समैन का वेतन, बिजली, पानी और दैनिक खर्चे भी नहीं निकाल पा रहे हैं।
परिणामस्वरूप कई पेट्रोल पंप बंद हो रहे हैं। जिले में गठित जांच दल की ओर से अवैध पेट्रोल-डीजल के परिवहन, वितरण और भंडारण करने वालों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे डीजल माफिया के हौसले बढ़ गए हैं और अब गांव-गांव और ढाणी-ढाणी में अवैध डीजल का व्यापार हो रहा है।
एसोसिएशन ने मांग की है कि जिले के प्रत्येक एसडीएम, डीएसपी और तहसीलदार को एक माह में कम से कम अपने क्षेत्र में पांच प्रकरण बनाने का लक्ष्य दिया जाए। हर माह राजस्व अधिकारियों की बैठक में इसकी समीक्षा की जाए।
साथ ही अवैध डीजल-पेट्रोल खरीदने वाले विक्रेताओं के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किए जाएं। अवैध परिवहन में प्रयुक्त वाहनों की आरसी निलंबन के लिए जिला परिवहन अधिकारी को लिखा जाए। अवैध व्यापारियों के खिलाफ सेल टैक्स विभाग को सूचित कर राज्य सरकार को हुए वैट के नुकसान की गणना कर पैनल्टी सहित वसूली की जाए।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments