![]()
ई-कॉमर्स बूस्ट कंपनी का प्रतिनिधि बताकर करोड़ों की ठगी करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार।
करौली साइबर थाना पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद से एक अंतरराज्यीय साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी धर्मेंद्र चावड़ा हरीशभाई (40) ने खुद को ई-कॉमर्स बूस्ट कंपनी का प्रतिनिधि बताकर लोगों से बड़ी रकम हड़पी थी।
करौली के एक पीड़ित से आरोपी ने 10 लाख रुपए की ठगी की। इसमें से 4 लाख 33 हजार 40 रुपए IMPS के जरिए अपने खाते में ट्रांसफर किए। यह कार्रवाई ऑपरेशन एंटी वायरस 2.0 के तहत की गई।
आरोपी वर्तमान में अहमदाबाद के रानिप क्षेत्र की अरविंद सोसाइटी में किराये पर रह रहा था। उसे 26 जुलाई को गिरफ्तार कर 27 जुलाई को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के बैंक खाते से जुड़े कुल 23 साइबर ठगी के मामले देश के विभिन्न राज्यों से दर्ज हैं। इन शिकायतों में अब तक करीब 33 लाख रुपए की साइबर ठगी सामने आई है। आरोपी द्वारा एक ही दिन में एक करोड़ रुपए से अधिक की ठगी कर अपने खाते में राशि मिलने की पुष्टि हुई है।
इस कार्रवाई में साइबर थाना करौली के थानाधिकारी हरीराम मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में कॉन्स्टेबल नेत्रेश कुमार, संदीप, गिरेंद्र सिंह, विष्णु कुमार और महिला कॉन्स्टेबल रेनू शर्मा शामिल थे। आरोपी की गिरफ्तारी में रीडर रेनू शर्मा और कॉन्स्टेबल संदीप की प्रमुख भूमिका रही। मामले की गहनता से जांच जारी है और अन्य पीड़ितों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments