![]()
जिले के मक्कासर गांव में सीएनजी गैस से भरे टैंकर में गैस का रिसाव होने पर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए काबू पाया।
जिले के मक्कासर गांव में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सीएनजी गैस से भरे टैंकर से अचानक तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत फैल गई। लोग जयपुर में हुए गैस ब्लास्ट जैसे हादसे की आशंका से सहम गए।
सूचना के अनुसार टैंकर बठिंडा से घड़साना क्षेत्र के कुंपली जा रहा था। रास्ते में मक्कासर के पास टैंकर से अचानक ब्लास्ट जैसी आवाज आई। घबराए ड्राइवर ने तुरंत वाहन रोका और भागकर अपनी जान बचाई। टैंकर से गैस रिसाव शुरू होते ही ग्रामीण और राहगीर भी दूर हट गए। इसी बीच जंक्शन सिटी पुलिस को आसूचना कॉन्स्टेबल चंद्रविजय ने फोन कर जानकारी दी।
सूचना मिलते ही जंक्शन सिटी थानाधिकारी ने तुरंत दो गाड़ियां मौके पर भेजीं। एसआई चुका, राकेश और पपूराम सबसे पहले पहुंचे। इसके साथ ही एसआई गजेंद्र शर्मा और सुरेंद्र बिश्नोई भी तुरंत मय टीम मौके पर पहुंचे। इसके बाद थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह खुद भी निजी वाहन से मौके पर पहुंचे। पुलिस की चेतक और अन्य गाड़ियां भी तुरंत वहां पहुंचीं।
इसी दौरान पुलिस की 112 गाड़ी के ड्राइवर अनिल कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए टैंकर को चलाकर लिंक रोड पर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया। गैस का दबाव कम होने के बाद रिसाव अपने आप कम हो गया। एसडीएम और डीएसओ भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बाद में कंपनी के अधिकारियों ने टैंकर की जांच कर बताया कि गैस अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है।
इस दौरान घटनास्थल पर सीओ सिटी मीनाक्षी सबसे आखिर में पहुंचीं। मीडियाकर्मियों का आरोप है कि सीओ ने मौके पर पहुंचकर तैश में आकर मीडिया से दुर्व्यवहार किया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई नहीं की होती तो मक्कासर में बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन लोग अभी भी दहशत में हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments