चित्तौड़गढ़ में बीते दो दिनों से मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार और सोमवार को शहरवासियों ने एक अलग ही तरह का मौसम महसूस किया। कभी धूप तो कभी बादल और बीच-बीच में ठंडी हवाओं के कारण लोगों को राहत भी मिली और उमस की वजह से हल्की परेशानी भी झेलनी पड़ी।
सोमवार को सुबह से ही धूप और छांव की लुका-छुपी देखने को मिली। तेज धूप निकलने के साथ ही बादल भी छा गए और हवा के झोंकों ने मौसम को और खुशनुमा बना दिया। वहीं, इससे एक दिन पहले रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे।दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी भी हुई थी, जिससे मौसम सुहाना तो हो गया लेकिन उमस भी बढ़ गई। शाम के समय हल्की ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
पिछले दो दिनों के तापमान में भी बदलाव देखा गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। वहीं रविवार को दिन का अधिकतम तापमान घटकर 33.4 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान बढ़कर 25.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे साफ है कि दिन का तापमान गिरा है लेकिन रात का तापमान थोड़ा बढ़ा है।

सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिम और मध्य बंगाल की खाड़ी में इस समय एक वेलमार्क लो प्रेशर एरिया बना हुआ है। इसके असर से आने वाले दिनों में राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। चित्तौड़गढ़ जिले में भी 2 अक्टूबर तक मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है ताकि फसल को नुकसान न पहुंचे।
हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 2 अक्टूबर के बाद जिले का मौसम साफ हो जाएगा और दिन में हल्की धूप और रात को ठंडी हवाएं चलने का क्रम शुरू हो जाएगा। बदलते मौसम से फिलहाल लोग राहत महसूस कर रहे हैं। दिन की तपन कम होने और रात में मौसम सुहावना रहने से जनजीवन पर भी असर पड़ रहा है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments