![]()
बूंदी पुलिस ने मंगलवार को करोड़ों रुपए के अवैध मादक पदार्थ नष्ट किए हैं।
बूंदी पुलिस ने मंगलवार को करोड़ों रुपए के अवैध मादक पदार्थ नष्ट किए हैं। पुलिस लाइन परिसर में गांजा, डोडा चूरा और स्मैक को जलाकर नष्ट किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी अनुमानित कीमत 6 करोड़ 54 लाख 7 हजार 240 रुपए आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय और महानिरीक्षक पुलिस, कोटा रेंज के निर्देश पर की गई। न्यायालय से भौतिक सत्यापन के बाद जिला औषधि व्ययन समिति ने इन मादक पदार्थों को नष्ट किया।
इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा, वृत्ताधिकारी बूंदी अरुण मिश्रा, थानाधिकारी सदर रमेश आर्य और अपराध सहायक दिनेश शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी व मालखाना प्रभारी उपस्थित रहे।
नष्ट किए गए मादक पदार्थ जिले के हिंडोली, बसोली, कोतवाली और डाबी थानों में दर्ज कुल 10 मामलों से संबंधित थे। इनमें 42 क्विंटल 92 किलोग्राम 6 ग्राम डोडा चूरा, 8 किलोग्राम 543 ग्राम गांजा और 30 ग्राम स्मैक शामिल था। ये सभी पदार्थ पुलिस ने विभिन्न कार्रवाइयों के दौरान तस्करों से जब्त किए थे।
नष्टीकरण से पहले सभी जब्तशुदा अवैध मादक पदार्थों का वजन किया गया। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी करवाई गई। जिला औषधि व्ययन समिति बूंदी ने पुलिस लाइन बूंदी परिसर में इन्हें जलाकर नष्ट कर दिया।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments