अजमेर के किशनगढ़ में भाजपा नेता ने ही पत्नी की गला काटकर हत्या की थी। आरोपी ने हत्या की प्लानिंग 5 से 6 दिन पहले ही कर ली थी। उसने लूट और मारपीट की कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी, लेकिन 3 वजह से पकड़ा गया।
इसमें सबसे बड़ी वजह थी कि लूटपाट की घटना के बाद भी उसे कोई चोट नहीं लगी। पुलिस ने पूछताछ की तो बताया- पत्नी से संबंध अच्छे थे। वहीं, बदमाश लूटने आए थे तो मंगलसूत्र क्यों छोड़ गए। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी रोहित सैनी के साथ रवि मेघवाल को गिरफ्तार किया है, जबकि 1 नाबालिग को डिटेन किया है।

सबसे पहले जानिए क्या खुलासा हुआ एसपी वंदिता राणा ने बताया- किशनगढ़ के उदयपुर कलां के रहने वाले रोहित सैनी (35) का किसी महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस कारण उसकी पत्नी संजू सैनी (32) से अनबन रहती थी। संजू को रास्ते से हटाने के लिए रोहित ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्लान बनाया।
रोहित पत्नी के साथ रक्षाबंधन पर ससुराल रलावता गांव गया था। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे दोनों ससुराल से लौट रहे थे। किशनगढ़ के हाथी खान से सिलोरा की ओर जाने वाली रोड पर रोहित के साथी रवि और एक नाबालिग पहले से ही मौजूद थे। जैसे ही रोहित तय की हुई जगह पर पहुंचा, रवि और नाबालिग के साथ मिलकर उसने संजू की हत्या कर दी।

घटना वाले दिन पत्नी के शव के पास रोने का नाटक करता रहा आरोपी पति।
आगे पढ़िए तीन कारण, जिनसे आरोपी पकड़ा गया…
पहला कारण-: पति के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले आरोपी रोहित सैनी ने पुलिस को बताया था कि दो युवक आए। पत्नी और उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने जब पति का मेडिकल कराया तो पति के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। इस पर पुलिस को पति पर शक हुआ। पुलिस का मानना था कि जब मारपीट हुई तो चोट के निशान भी होने चाहिए थे।
दूसरा कारण-: लूट के लिए आए तो मंगलसूत्र क्यों छोड़ गए रोहित ने पुलिस को बताया था- दोनों आरोपी लूट के इरादे से आए थे। मारपीट कर पत्नी के कानों से दो झुमके तोड़े और नकदी ले गए। पुलिस को शक तब हुआ, जब महिला के गले में मंगलसूत्र देखा। पुलिस का मानना था कि अगर आरोपी लूट के इरादे से वारदात अंजाम देते तो मंगलसूत्र भी लेकर जाते। बदमाश गले में सोने का मंगलसूत्र क्यों छोड़कर गए।
तीसरा कारण-: घर पर चल रही थी आपसी कलह आरोपी ने पुलिस को बताया था- पत्नी से उसका कोई विवाद नहीं था। दोनों के संबंध काफी अच्छे थे। उसने पत्नी से झगड़े की भी जानकारी नहीं दी। पुलिस ने पति का बैकग्राउंड पता किया तो सामने आया कि रोहित के अवैध संबंध है। इसे लेकर दोनों में कई महीनों से झगड़ा हो रहा था।
पिछले 10 दिनों से दोनों में झगड़ा बढ़ गया था। आरोपी पति ने पुलिस पूछताछ में ऐसी कोई कलह की बात नहीं बताई। आरोपी पति लगातार पुलिस को अलग-अलग बयान देकर गुमराह कर रहा था। ऐसे में पुलिस को उस पर शक था।

एसपी वंदिता राणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया।
पूछताछ में जुर्म कबूल किया एसपी वंदिता राणा ने बताया- 10 अगस्त को हत्या की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि यह घटना बनाई गई है। पति के शरीर पर कोई भी चोट नहीं थी। शारीरिक स्वरूप से बिल्कुल ठीक था। दोनों पति-पत्नी में कुछ समय से झगड़ा चल रहा था। पंचायत तक बैठ चुकी थी। परिवार ने इसके बारे में बताया और शंका जाहिर की थी। पति से सख्ती से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया।
एसपी ने बताया- आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहा था कि वह घर जा रहे थे। तभी रास्ते में दो बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और सामान लूट कर चले गए। जांच की तो घटनास्थल और घटना दोनों में मैच नहीं हुआ।
सख्ती से पूछताछ करने पर पति ने सच कबूल कर लिया। उसने बताया- उसने दो दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की प्लानिंग की थी। राखी वाले दिन भी मर्डर करने की प्लानिंग थी, लेकिन उस समय सफलता प्राप्त नहीं हुई।
एसपी ने बताया- पति रोहित का लंबे समय से अफेयर चल रहा था। कुछ दिनों पहले ही प्लानिंग कर अपने दो साथियों के साथ हत्या को अंजाम दिया। लूट की कहानी बनाने के लिए आरोपी महिला के कानों से झुमके तोड़ कर ले गए थे। इसकी रिकवरी भी जल्द की जाएगी।
5 दिन पहले ही की थी प्लानिंग पुलिस की जांच में सामने आया कि परेशान होकर आरोपी पति ने 5 दिन पहले ही अपने 2 दोस्तों के साथ हत्या करने की प्लानिंग बनाई थी। दोनों दोस्त मोबाइल का उपयोग नहीं करते थे, इसलिए साथ लिया। ताकि उनकी लोकेशन या डिटेल पुलिस तक नहीं पहुंच सके। राखी वाले दिन ससुराल जाते समय प्लान सक्सेस नहीं हो सका था।
इसके बाद आरोपी पति ने ससुराल से लौटने के दौरान हत्या करने की प्लानिंग की। घटना से एक दिन पहले इलेक्ट्रॉनिक की दुकान से कैंची और चाकू भी खरीद लिया।
दोस्तों को 2 घंटे पहले घटनास्थल पर छोड़ा घटना वाले दिन (10 अगस्त) आरोपी ने अपने दो दोस्तों को घर से उठाया और घटना वाली जगह पर छोड़ दिया। उसने घटनास्थल पर 2 घंटे तक समय बिताने के लिए कहा था। आरोपी पति अपनी पत्नी को लेकर घटनास्थल पर पहुंचा। प्लानिंग के अनुसार घबराते हुए अपनी गाड़ी को गिरा दिया।
आरोपी ने ऐसा क्रिएट किया जैसे कि बदमाशों ने उसकी गाड़ी को गिराया। इसके बाद आरोपी पति और एक अन्य आरोपी ने मिलकर चाकू से गला रेतकर महिला की हत्या कर दी और प्लानिंग के अनुसार दोनों आरोपी कान के झुमके लेकर भाग गए।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि जिस महिला की हत्या हुई उसके कुछ पैसे लेकर दोनों आरोपी फरार हो गए। उन्हीं पैसों से उन्होंने अपने कपड़े और अन्य खरीदारी की थी। बाद में पुष्कर घूमने निकल गए। पति के पूछताछ के बाद दोनों को अलग-अलग जगह से पकड़ लिया।
हत्याकांड से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें..
अजमेर का भाजपा नेता ही निकला पत्नी का हत्यारा:दूसरी महिला से चल रहा था प्रेम प्रसंग; बार-बार बदलते बयानों से पुलिस को शक हुआ
अजमेर में भाजपा नेता की पत्नी की गला रेतकर हत्या:रक्षाबंधन मनाकर ससुराल से लौट रहे थे, ज्वेलरी लूटने के बाद मारपीट, फिर मर्डर
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments