जालोर में पेट्रोल पंप पर सो रहे जातरू (श्रद्धालु) को ट्रैक्टर ने कुचल दिया। ऊपर से ट्रैक्टर गुजरने के बाद युवक उठा और पास में पिकअप में सो रहे साथियों को जगाया। इसके बाद उसे हॉस्पिटल ले जाया गया।
साथियों का आरोप है कि इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। श्रद्धालु अपने साथियों के साथ रामदेवरा से दर्शन कर लौट रहा था। रात में सभी पेट्रोल पंप परिसर में ही सो गए थे।
घटना बिशनगढ़ थाना इलाके के उम्मेदाबाद गांव के पेट्रोल पंप पर मंगलवार सुबह 4 बजे हुई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
3 तस्वीरों से समझिए घटनाक्रम…

युवक ट्रेलर और पिकअप के बीच फर्श पर सो रहा था। एक ट्रैक्टर तेल भरवाकर यहां से गुजरा।

ट्रेलर की परछाई के कारण ट्रैक्टर ड्राइवर को युवक नहीं दिखा। वह सोए हुए युवक के ऊपर से ट्रैक्टर निकालकर ले गया।

ट्रैक्टर गुजरने के बाद घायल युवक उठा और साथियों को आवाज देकर जगाया।
रामदेवरा के दर्शन कर लौट रहे थे, पेट्रोल पंप पर सो गए श्रद्धालु के साथी चेखाराम पुत्र सवाराम ने बताया- जालोर के ऊपर मेड़ा गांव से 5 अगस्त को देवासी समाज के 12 लोग रामदेवरा दर्शन के लिए पैदल निकले थे। लालाराम (35) पुत्र केवाराम हीरागर भी हमारे साथ था।
10 अगस्त को हमने रामदेवरा और बाड़मेर के उण्डू काश्मीर में रामदेवजी महाराज की जन्मस्थली के दर्शन किए। 11 अगस्त सोमवार की सुबह पिकअप में सवार होकर जालोर के लिए निकले।
जालोर के बिशनगढ़ इलाके के उम्मेदाबाद गांव आते-आते ड्राइवर को झपकी आने लगी। ऐसे में वहीं एक पेट्रोल पंप पर गाड़ी रोककर आराम करने का तय किया। कुछ लोग गाड़ी के ऊपर सो गए। कुछ लोग परिसर में ही सो गए। लालाराम पहले गाड़ी पर सो रहा था। बाद में वह उतरकर जमीन पर सो गया।
सुबह करीब 4 बजे पेट्रोल पंप पर आए ट्रैक्टर चालक ने तेल भरवाकर जाने के दौरान लालाराम को कुचल दिया। ट्रैक्टर गुजरने के बाद लालाराम उठा और साथियों को आवाज लगाई। साथी जागे और उसे संभाला। तब तक ड्राइवर फरार हो चुका था। साथी लालाराम को जालोर के जिला हॉस्पिटल ले गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के साथियों से घटना की जानकारी ली।
हॉस्पिटल-ट्रॉमा सेंटर के चक्कर काटते रहे, इलाज नहीं मिला लालाराम के साथी शेखर देवासी ने बताया- घायल लालाराम को हम पिकअप से लेकर जालोर के जिला हॉस्पिटल में सुबह 4:30 बजे पहुंच गए। वहां डॉक्टर ने कहा कि इलाज यहां नहीं, ट्रॉमा सेंटर में होगा। हम लालाराम को भीनमाल रोड स्थित ट्रॉमा सेंटर लेकर गए। लेकिन वहां कोई स्टाफ नहीं मिला।
हम आधे घंटे तक घायल लालाराम को लेकर ट्रॉमा सेंटर में घूमते रहे। कॉल लगाते रहे। लेकिन न स्टाफ मिला, न इलाज। इसके बाद लौटकर जालोर हॉस्पिटल आए। तब तक लालाराम ने दम तोड़ दिया था। हॉस्पिटल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लालाराम के साथियों ने आरोप लगाया कि जालोर के जिला हॉस्पिटल में इलाज नहीं मिला। इसलिए लालाराम की मौत हो गई।
पीएमओ बोले- 24 घंटे रहते हैं डॉक्टर घटना को लेकर पीएमओ वेदप्रकाश मीणा ने कहा- ट्रॉमा सेंटर में 24 घंटे डॉक्टरों समेत मेडिकल टीम रहती है। हालांकि परिजन ने आरोप लगाया है कि इलाज नहीं मिला। लिखित रिपोर्ट के बाद मामले की जांच करेंगे। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।

बिशनगढ़ पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। ड्राइवर फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया बिशनगढ़ थाने के ASI मोटाराम ने बताया- सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रैक्टर की पहचान कर उसे जब्त कर लिया है। ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमॉर्टम करने के बाद परिजन को सौंप दिया है।
लालाराम के चचेरे भाई ने बताया- लालाराम के माता-पिता की मौत हो चुकी है। परिवार में वह अकेला था। मजदूरी करता था।
यह खबर भी पढ़ें…
रामदेवरा जा रहे 2 भाइयों को बस ने कुचला,मौत:बाइक का पेट्रोल टैंक फटने से आग लगी; हादसे के बारे में बताया तो दोस्त बोला-मजाक नहीं

जालोर के सांचौर में तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक सवार 2 भाइयों को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस बेकाबू हो गई और बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। (पढ़ें पूरी खबर)
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments