![]()
ओएंडएम (रख-रखाव) की पॉलिसी निर्धारित नही होने से जेजेएम के संचालन में असुविधा हो रही। प्रदेश स्तर पर ओएंडएम की पॉलिसी प्रक्रियाधीन है। पॉलिसी निर्धारित होने के बाद ही सफल क्रियान्वयन हो सकता।। नरेन्द्र वर्मा, एसई जलदाय विभाग भरतपुर।
नदबई ब्लॉक में करोड़ों की लागत से लागू की गई जल जीवन मिशन (जेजेएम) योजना ग्रामीणों के लिए राहत की बजाय परेशानी का सबब बन गई है। कई गांवों में टंकियां सूखी पड़ी हैं, कहीं पाइप लाइनें जोड़ी ही नहीं गईं और जो लगी हैं, वे खराब हो चुकी हैं। डीप बोर बेकार
पीएचईडी विभाग का दावा है कि नदबई ब्लॉक के प्रत्येक घर में पानी सप्लाई हो रही है। इन दावों की हकीकत को जांचने के लिए भास्कर टीम ने कई गांवों का दौरा किया। करही, लुहासा, खांगरी, खेड़ीदेवी सिंह ग्राम पंचायत में चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। कई गांवों में तो दो साल बाद भी पानी नहीं पहुंचा है।
आंकड़ों के अनुसार, नदबई ब्लॉक में हर घर नल कनेक्शन के लिए जेजेएम योजना के तहत करीब 134 करोड़ रुपए की लागत से 115 गांवों में 101 स्कीम स्वीकृत की गई। योजना के तहत उच्च जलाशय, डीप बोर और पाइपलाइन डालने का कार्य किया गया। विशेष रूप से, नदबई ब्लॉक क्षेत्र में 61 उच्च जलाशय और 216 डीप बोर का निर्माण किया गया, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर पेयजल कनेक्शन के लिए 5,46,204 मीटर पाइपलाइन डाली गई।
गड़बड़ी के चार उदाहरण: कहीं काम अधूरा छोड़ा, तो कहीं 20 प्रतिशत घरों में ही सप्लाई
1. ग्राम पंचायत करही में 2023 में करीब दो करोड ढाई लाख की लागत से उच्च जलाशय, स्वच्छ जलाशय, तीन डीप बोर व करीब 15950 मीटर पाइप डालने का कार्य हुआ। लेकिन, दो साल बाद भी टंकी से पानी सप्लाई नही होने के चलते पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। कई जगह सड़क निर्माण होने से कनेक्शन लाइन सड़क के नीचे दब गई तो कई मकानों के सामने लटक रही पाइप लाइन मकान की शोभा बढ़ा रही। योजना में शामिल दो डीप बोर खराब होने के चलते करीब तीन हजार की आबादी एक डीप बोर के भरोसे पेयजल आपूर्ति कर रही। ग्रामीणों ने पेयजल असुविधा होने के चलते करीब 800 रुपए में टैंकर से पेयजल आपूर्ति करने के बारे में बताया।
2. ग्राम पंचायत लुहासा में नवम्बर 2023 में करीब 184.96 लाख रुपए की लागत से उच्च जलाशय, स्वच्छ जलाशय, तीन डीप बोर व 14900 मीटर पाइप लाइन डाली गई। लेकिन, दो साल से ही तीनों डीप बोर खराब, विद्युत ट्रांसफार्मर खराब, शुरुआत से ही टंकी से पेयजल सप्लाई नही होने के चलते जगह-जगह पाइप लाइन क्षतिग्रस्त। ग्रामीणों ने बताया कि, ग्राम पंचायत में अन्य कोई सरकारी डीप बोर नही होने के चलते निजी बोर व करीब 600 रुपए में टैंकर से पेयजल आपूर्ति करना पड़ रहा।
3. दो डीप बोर टंकी से ही नहीं जोड़े…
ग्राम पंचायत खेडीदेवीसिंह में करीब 2 करोड 32 लाख की लागत से उच्च जलाशय,स्वच्छ जलाशय सहित तीन डीप बोर का निर्माण हुआ। घर-घर पेयजल को लेकर करीब 13077 मीटर पाइप लाइन डाली गई। लेकिन, दो डीप बोर का टंकी से जुड़ाव नही होने के चलते टंकी से पेयजल सप्लाई नही हो रहा। एक डीप बोर से पेयजल सप्लाई तो हो रहा। लेकिन, पाइप लाइन के प्वाइंट नही जोडने के चलते घरों में पानी नहीं पहुंच रहा।
4. कई जगह पाइप लाइन क्षतिग्रस्त…
ग्राम पंचायत खांगरी में अप्रेल 2023 में करीब 174.97 लाख की लागत से उच्च जलाशय, स्वच्छ जलाशय, चार डीप बोर सहित 12497 मीटर पाइप लाइन डाली गई। लेकिन, लंबे समय सभी डीप बोर खराब पड़े हुए है तो शुरुआत से ही टंकी से पानी सप्लाई नही हुआ। जिसके चलते ग्रामीण क्षेत्र में डाली पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों को सिंघल फेस डीप बोर व निजी डीप बोर से आपूर्ति करना पड़ रहा है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments