राजस्थान से मॉस्को (रूस) में पढ़ाई के लिए गए अजय गोदारा (24) की अपने परिजनों से बात हुई है। अजय का दावा है कि उसे अब यूक्रेन में रूसी सेना की मेडिकल टीम के साथ जोड़ दिया गया है। वह यूक्रेन में घायल सैनिकों की देखरेख का काम संभाल रहा है।
इधर, पिता ने बताया कि उसका वीजा नवंबर महीने में खत्म हो रहा है। ऐसे में, उससे पहले उसकी घर वापसी नहीं हुई तो कहीं बेटा यूक्रेन में ही न फंस जाए।
परिजनों ने सरकार से गुहार लगाई है कि अजय की जल्द से जल्द घर वापसी करवाई जाए।

तस्वीर, अजय की है। अजय ने अपने परिजनों को ये वीडियो शूट कर भेजे थे।
दावा किया था युद्ध में फंसा
दरअसल, राजस्थान के बीकानेर अरजनसर के रहने वाले अजय गोदारा ने अपने परिजनों को 2 वीडियो भेजे थे। वीडियो में उसने दावा किया था कि जबरन युद्ध के मैदान में उतार दिया गया है। वीडियो में वो रशियन सेना की वर्दी पहने जंगल के इलाके से चलता नजर आ रहा था।
दावा था कि उसके जैसे और भी यहां कई स्टूडेंट हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध में उसके एक दोस्त की मौत भी हुई है। वीडियो सामने आने के बाद से परिवार परेशान था। परिजनों ने सरकार से उनके इकलौते बेटे को वापस लाने की मांग की थी।

तस्वीर, अजय के परिवार की है। परिजन चाहते हैं उनके बेटे को कुछ हो जाए उससे पहले भारत सरकार कुछ करे और घर वापसी करवाए।
2 महीने बाद खत्म हो रहा वीजा
अजय के पिता महावीर प्रसाद ने बताया- बेटे का बेटे का वीजा 28 नवंबर 2025 तक का है। ऐसे में अगले 2 महीने में उसका वीजा ही समाप्त हो जाएगा। चिंता ये है कि वीजा खत्म होने के वक्त भी अगर वो यूक्रेन ही रहा तो वापसी की मुश्किल हो जाएगी।
पिता ने बताया कि आज सुबह ही उसका फोन आया था। वीडियो कॉल पर सभी घर वालों से बातचीत हुई थी। इस दौरान अजय ने बताया कि उसे अब मेडिकल टीम में शामिल किया गया है, जहां घायल जवानों को इलाज किया जा रहा है।

तस्वीर, अजय के अरजनसर स्थित घर की है।
अजय के भाई प्रकाश ने बताया-

पूरा परिवार इन दिनों चिंता में है। अजय अभी मेडिकल टीम में है लेकिन कभी भी उसे युद्ध के मैदान में भेजा जा सकता है।

सुमित गोदारा से अपील
लूणकरनसर में राज्य के केबिनेट मंत्री सुमित गोदारा से अजय के पिता और अन्य परिजनों ने मुलाकात की है। गोदारा ने भी इस दिशा में राज्य सरकार की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस मामले में परिजन एक दो दिन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात करने का प्रयास कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री मेघवाल लिख चुके लेटर
अजय के परिजनों की गुहार पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने विदेश मंत्री जयशंकर को पत्र लिखकर अजय की सुरक्षित घर वापसी करवाने की अपील की है। पत्र में मेघवाल ने कहा है कि अजय को गलत जानकारी देकर सेना में भर्ती किया गया है। अब उसे सुरक्षित भारत लाने के लिए अर्जेंट डिप्लोमेटिक चर्चा की जानी चाहिए। मेघवाल ने इस मामले में विदेश मंत्री को व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। यह पत्र मेघवाल ने 8 सितंबर को लिखा था।

विदेश मंत्रालय जारी कर चुका एडवाइजरी….
बीते कुछ दिनों में राजस्थान के अलावा, हरियाणा और पंजाब के बाद ऐसे कई वीडियो सामने आए हैं। जिसमें युवक धोखे से उन्हें यूक्रेन युद्ध में धकेलने का दावा कर रहे हैं। ऐसे वीडियो सामने आने के बाद 11 सितंबर 2025 को भारते के विदेश मंत्रालय ने एक एडवाइजरी भी जारी की थी। जानें- क्या है वो एडवाइजरी…

- रूसी सेना में शामिल होने वाले प्रस्ताव से दूर रहें: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि, हम अपने नागरिकों से अनुरोध करते हैं कि वे सतर्क रहें। हम भारतीय नागरिकों से अपील करते हैं कि वे रूसी सेना में शामिल होने के किसी भी प्रस्ताव से दूर रहें। ऐसा करना जान जोखिम में डालने या खतरे से खेलने जैसा है।
- हमने रिपोर्ट देखी है: मीडिया को इसी मामले से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमने हाल ही में रूसी सेना में भारतीय नागरिकों की भर्ती के बारे में रिपोर्ट देखी हैं। सरकार ने पिछले एक साल में कई मौकों पर इस तरह की कार्रवाई में निहित जोखिमों और खतरों को रेखांकित किया है।
- नागरिकों को वापस भेजने की मांग की: उन्होंने आगे कहा- हमने दिल्ली और मॉस्को दोनों जगहों पर रूसी अधिकारियों के सामने भी यह मामला उठाया है। हमने अनुरोध किया है कि इस प्रथा को समाप्त किया जाए। हमारे नागरिकों को वापस भेजा जाए। हम प्रभावित भारतीय नागरिकों के परिवारों के संपर्क में भी हैं।
बीकानेर का स्टूडेंट बोला- हमें जबरन यूक्रेन युद्ध में धकेला:ये मेरा लास्ट वीडियो हो सकता है, मां-बाप ने कहा- हमारे इकलौते बेटे को लौटा दो

राजस्थान से मॉस्को (रूस) में पढ़ाई के लिए गए एक स्टूडेंट ने दावा किया है कि उसे जबरन युद्ध के मैदान में उतारा गया है। उसने दो वीडियो भी परिवार को भेजे हैं, जिसमें वो सेना की वर्दी में नजर आ रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments