![]()
हनुमानगढ़ में पशु परिचर पद का फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोपी गिरफ्तार।
हनुमानगढ़ में पशुपालन विभाग में फर्जी नियुक्ति पत्र प्रस्तुत करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पशु परिचर पद के लिए जाली दस्तावेज तैयार किए थे। यह मामला 29 सितंबर 2025 को सामने आया था।
संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग, हनुमानगढ़ के डॉ. आनंद स्वरूप ने हनुमानगढ़ टाउन पुलिस थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि झुंझुनू जिले के लूटू गांव निवासी सचिन पुत्र रणवीर ने पशु परिचर के पद के लिए एक नकली आवेदन कार्यालय में प्रस्तुत किया था।
जांच में सामने आया कि कार्यालय के लेटर पैड पर पशु परिचर के पद पर उपस्थिति दर्ज करवाने का एक कूटरचित दस्तावेज बनाया गया था। इस पर संयुक्त निदेशक हनुमानगढ़ के फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। रिपोर्ट के आधार पर, प्रकरण संख्या 641/2025 दर्ज कर उपनिरीक्षक मोहर सिंह को अनुसंधान सौंपा गया।
गहन अनुसंधान और आरोपी सचिन कुमार से पूछताछ के बाद, यह पुष्टि हुई कि सचिन कुमार ने स्वयं फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किया था और शिकायतकर्ता डॉ. आनंद स्वरूप के फर्जी हस्ताक्षर किए थे। अपराध प्रमाणित होने पर, आरोपी सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन कुमार उर्फ धोलिया (28), पुत्र रणवीर जाट, निवासी गांव लूटू, पुलिस थाना धंधूरी, तहसील मलसीसर, जिला झुंझुनूं के रूप में हुई है। इस मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मोहर सिंह और कॉन्स्टेबल महंगा सिंह (1287) शामिल हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments