![]()
केकड़ी पुलिस ने डोडा तस्करी के टॉप-10 मादक पदार्थ सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी चार साल से फरार चल रहा था। मामले में दो आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है।
थानाधिकारी कुसुमलता मीणा ने बताया कि ये मामला 28 जून 2021 का है। तत्कालीन थानाधिकारी सुधीर कुमार उपाध्याय गुलगांव टोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान एक सफेद अल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की तलाशी में 45 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त के 5 कट्टे बरामद हुए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर कार ड्राइवर भागीरथ माचरा निवासी खेरी सालवा, जोधपुर को गिरफ्तार कर लिया था।
जांच के दौरान भागीरथ के बयान पर जोधपुर के सालवा कला निवासी सुरेंद्र को भी गिरफ्तार किया गया।
थानाधिकारी मीणा ने बताया कि प्रकरण का मुख्य सप्लायर जोधपुर जिले के करवड़ थाना क्षेत्र के ब्राह्मणों का बास निवासी सुमाराम उर्फ सुमेर चौधरी घटना के बाद से फरार था। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
आखिरकार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में डोडा-पोस्त तस्करी नेटवर्क के अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
ये कार्रवाई अजमेर पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। टीम का सुपरविजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी श्योराजमल मीणा और वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा ने किया। टीम में थानाधिकारी कुसुमलता मीणा, एएसआई कप्तान सिंह, कॉन्स्टेबल पंकज, तेजमल और नोरत शामिल थे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments